श्रीमती गिरिजा शर्मा के निधन पर विधायक देवेंद्र पटेल ने दी श्रद्धांजलि
Silwani। रायसेन जिले के वरिष्ठ समाजसेवी एवं राजनेता स्वर्गीय डॉ. उमेश शर्मा की धर्मपत्नी तथा युवा राजनेता संदीप शर्मा और अनुराग शर्मा की माताजी श्रीमती गिरिजा शर्मा संतोष रानी के आकस्मिक निधन से नगर में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं ने शोक व्यक्त किया।
श्रीमती शर्मा के निधन पर सिलवानी विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र पटेल अपने कार्यकर्ताओं के साथ पंडितपुरा स्थित उनके निवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत श्रीमती शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
विधायक देवेंद्र पटेल ने परिवारजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज और क्षेत्र उनके साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी चंद्र कुमार जैन, नगर कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश कुशवाहा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इमरान खान, बद्री प्रसाद विश्वकर्मा, कार्तिक राय सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने श्रीमती गिरिजा शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
