Silwani में ब्रह्माकुमारी संस्था ने आयोजित की मीडिया कार्यशाला, पत्रकारों का किया सम्मान
Silwani । प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, सिलवानी संस्थान की ओर से मीडिया कर्मियों के लिए कार्यशाला एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के पत्रकारों को आमंत्रित कर उनका स्नेहपूर्वक सम्मान किया गया। साथ ही भागदौड़ भरी दिनचर्या के बीच तनावमुक्त रहकर कार्य करने और जीवन में मानसिक शांति बनाए रखने के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम में बीके पुष्पेंद्र भाई सागर, बीके छाया दीदी, बीके नीलम दीदी, बीके ज्योति दीदी एवं सिलवानी संस्थान की प्रभारी बीके मोहिनी दीदी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अतिथियों एवं संस्था के सदस्यों ने सभी मीडिया कर्मियों का स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया और जीवन में सकारात्मकता एवं शांति बनाए रखने के उपायों पर चर्चा की।
तनावमुक्त जीवन के लिए बताए उपाय
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच व्यक्ति पर काम, परिवार और अन्य जिम्मेदारियों का दबाव बना रहता है। ऐसे में आवश्यक है कि कार्य और पारिवारिक जीवन के बीच संतुलन बनाए रखा जाए। उन्होंने कहा कि शांत मन से परिस्थितियों को समझते हुए सभी की बात सम्मानपूर्वक सुनना चाहिए और समस्याओं का समाधान सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ निकालने का प्रयास करना चाहिए।
मीडिया कर्मियों से भी तनावपूर्ण परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, सकारात्मक सोच विकसित करने और अपने कार्य के साथ व्यक्तिगत जीवन में संतुलन बनाए रखने की बात कही गई। संस्था की ओर से पत्रकारों को मानसिक शांति एवं तनाव प्रबंधन से जुड़े विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।
दुपट्टा और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से उपस्थित सभी मीडिया कर्मियों का दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। पत्रकारों ने संस्था की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्था की ओर से सभी अतिथियों एवं मीडिया कर्मियों के लिए सम्मान भोज का भी आयोजन किया गया। आयोजन में प्रदीप सोनी, राजकुमार यादव, अमृतलाल, सुमित पटेल सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम में मीडिया कर्मियों और संस्था के सदस्यों के बीच संवाद भी हुआ। आयोजकों ने कहा कि सकारात्मक सोच, आपसी सम्मान और संतुलित जीवनशैली के माध्यम से तनाव को कम करने तथा जीवन में शांति एवं प्रसन्नता बनाए रखने का प्रयास किया जा सकता है।
सिलवानी संवाददाता — वैभव जैन मस्ताना
