जम्मू में गुरुवार को कश्मीर टाइम्स के ऑफिस पर स्टेट इंवेस्टिगेटिंग एजेंसी SIA ने छापा मारा। एजेंसी ने इस दौरान AK-47 की गोलियां, पिस्टल और ग्रेनेड का लिवर बरामद किया। SIA के अनुसार, यह कार्रवाई राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता और आतंकवादी विचारधाराओं का समर्थन करने के आरोप में की गई। सुरक्षा एजेंसी ने बताया कि इस रेड के दौरान बरामद हथियार और सामग्री की जांच जारी है। एजेंसी ने यह भी कहा कि जो भी आरोपी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जानिए कश्मीर टाइम्स का इतिहास :

कश्मीर टाइम्स पहले जम्मू से प्रिंट संस्करण के रूप में प्रकाशित होता था, लेकिन कुछ समय से इसे मुख्य रूप से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जारी रखा जा रहा है। अखबार के संस्थापक वेद भसीन के निधन के बाद उनकी बेटी अनुराधा भसीन और उनके पति प्रबोध जामवाल ने इसकी जिम्मेदारी संभाली। वर्तमान में दोनों अमेरिका में रह रहे हैं, जबकि अखबार की वेबसाइट पर प्रबोध को संपादक और अनुराधा को प्रबंध संपादक के रूप में दिखाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि वेद भसीन के जाने के बाद अखबार के कामकाज और सामग्री पर अब भी उनकी संपादकीय टीम द्वारा अमेरिका से निगरानी की जा रही है।
छापेमारी में बरामद हुई पिस्टल और गोलिया :

रेड की यह कार्रवाई सुरक्षा एजेंसियों की आतंकवाद और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर सतर्कता का हिस्सा मानी जा रही है। बरामद AK-47 की गोलियां, पिस्टल और ग्रेनेड का लिवर इस बात का संकेत है कि सुरक्षा एजेंसियों को गंभीर खुफिया जानकारी मिली थी। फिलहाल SIA ने मामले की जांच तेज कर दी है और आगे भी पूरे कानूनी और सुरक्षा प्रोसीजर के तहत कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। इस छापेमारी ने जम्मू में मीडिया ऑफिस पर सुरक्षा और आतंकवाद से जुड़े खतरों को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है।
