उदयगिरि में श्री शीतलनाथ भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव संपन्न, महामस्तकाभिषेक कर चढ़ाया निर्वाण लाडू
भव्य शोभायात्रा में शामिल हुए श्रद्धालु, आध्यात्मिक प्रवचन और वात्सल्य भोज का हुआ आयोजन
विदिशा। श्री शीतलनाथ भगवान की चार कल्याणक भूमि भद्दलपुर उदयगिरि की पावन धरा पर वार्षिक महामहोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। शीतल अष्टमी के अवसर पर सोमवार, 19 अक्टूबर को भगवान श्री शीतलनाथ के मोक्ष कल्याणक महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस दौरान अभिषेक, पूजन, भव्य शोभायात्रा, महामस्तकाभिषेक और निर्वाण लाडू अर्पण सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धर्मलाभ लिया।
बड़े जैन मंदिर में अभिषेक और निर्वाण लाडू अर्पण
महोत्सव की शुरुआत सुबह 7 बजे किले के अंदर स्थित श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन बड़े मंदिर में हुई। यहां भगवान श्री शीतलनाथ का अभिषेक और पूजन किया गया तथा निर्वाण लाडू अर्पित किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।
इसके बाद सुबह 9 बजे उदयगिरि नसियाजी से चांदी की पालकी में श्री जिनेंद्र भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पहाड़ी तक पहुंची और वापस नसियाजी लौटी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति संगीत की धुन पर नृत्य और गायन करते हुए शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

ध्वजारोहण और आध्यात्मिक स्वाध्याय
शोभायात्रा के उपरांत ध्वजारोहण का सौभाग्य पंडित शिखरचंद जैन, संजय, राजीव और आलोक परिवार को प्राप्त हुआ। इसके बाद ज्ञानोदय तीर्थ, दीवानगंज के प्राचार्य पंडित शुभम शास्त्री ने आध्यात्मिक स्वाध्याय कराया। उन्होंने ‘इष्टोपदेश’ की गाथाओं पर प्रवचन देते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन, आत्मकल्याण और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
महामस्तकाभिषेक और निर्वाण लाडू का आयोजन
इसके पश्चात ब्रह्मचारी अमित भैया के निर्देशन में भगवान श्री शीतलनाथ का महामस्तकाभिषेक, पूजन और निर्वाण लाडू अर्पण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महामस्तकाभिषेक के दौरान विभिन्न कलश अर्पित करने का सौभाग्य समाज के अनेक परिवारों को प्राप्त हुआ। प्रथम कलश पंडित शिखरचंद जैन अलंकार परिवार, द्वितीय कलश एडवोकेट अनुभव जैन, एडवोकेट चक्रवर्ती जैन और संजय जैन, तृतीय कलश सतेंद्र लश्करी परिवार, चतुर्थ कलश डॉ. एमएल जैन एवं जैन ऑप्टिकल्स परिवार तथा पांचवें कलश का सौभाग्य शिखरचंद जैन एमपीईबी परिवार को प्राप्त हुआ।

वात्सल्य भोज में शामिल हुए समाजजन
धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद ट्रस्ट कमेटी की ओर से सभी साधर्मियों के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन किया गया। इसमें समाज के लोगों ने सहभागिता की और आपसी सद्भाव तथा एकता का संदेश दिया।
महोत्सव को सफल बनाने में ट्रस्ट अध्यक्ष मलुकचंद जैन, रवि पटेल, एडवोकेट चक्रवर्ती जैन, डॉ. एमएल जैन, प्रकाश सिंघई, सुरेंद्र जैन, रितेश जैन, राजकुमार जैन, राकेश मोदी, संजय अलंकार, वीरेंद्र मानपुर और परवार समाज समिति अध्यक्ष शिखरचंद जैन सहित अनेक समाजजनों का सहयोग रहा।
अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन, जैन महिला फेडरेशन, महिला मंडल और परवार समाज समिति सहित विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर ट्रस्ट पदाधिकारियों और आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रस्तुति: डॉ. मक्खन लाल जैन
प्रवक्ता, श्री शीतलनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर ट्रस्ट, विदिशा।
