समाजसेवी धर्मनिष्ठ श्रावक शंकर लाल जी दगवाड़ा वाले का निधन, जैन समाज ने दी श्रद्धांजलि
बड़नगर (मध्य प्रदेश समाचार):
जैन समाज के प्रख्यात समाजसेवी और धर्मनिष्ठ श्रावक श्री शंकर लाल जी दगवाड़ा वाले का निधन हो गया। उनके जाने से समाज और परिवार को अपूर्णीय क्षति हुई है। श्री संघ परिषद और अन्य संस्थाओं ने जगह-जगह शाल एवं माला ओढ़ाकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
उनकी पार्थिव देह नगर भ्रमण के बाद मुक्तिधाम पहुंची, जहां पुत्रों हीरालाल, मुकेश कुमार, राजेंद्र कुमार और सोनू दगवाड़ा वाले ने मुखाग्नि दी। इसके पश्चात श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में संस्थाओं की भागीदारी
श्रद्धांजलि सभा में त्रिस्तुतिक श्वेतांबर जैन समाज श्री संघ, बड़ा मंदिर स्थानकवासी जैन समाज श्री संघ, दिगंबर जैन समाज परिषद परिवार सहित अनेक सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि शंकर लाल जी का जीवन सदैव धर्म मार्ग और समाजसेवा को समर्पित रहा।
धार्मिक सेवा हेतु दान
इस अवसर पर दगवाड़ा वाला परिवार ने विभिन्न धार्मिक और सेवा कार्यों के लिए 11 लाख रुपये दान देने की घोषणा की।
सभी ने एक स्वर में ईश्वर से प्रार्थना की कि प्रभु उन्हें अपने चरणों में स्थान दें और परिवार को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
