Shahdol में बेखौफ बदमाशों का तांडव: चिकन शॉप संचालक की सरेआम गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार
रिपोर्ट : संभागीय ब्यूरो प्रमुख सुनील रैदास
Shahdol। जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। बाइक पर सवार एक नकाबपोश बदमाश ने चिकन शॉप संचालक रज्जन कहार (32) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घायल रज्जन को तत्काल अनूपपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी पल्सर बाइक से दुकान के पास पहुंचा और पहले हवाई फायर कर लोगों में दहशत फैला दी। जब रज्जन कहार ने इसका विरोध किया और कहा कि “हो गया, इतना ही”, तब हमलावर ने उसके सीने पर लगातार दो गोलियां दाग दीं। गोली लगते ही रज्जन सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही अमलाई थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मृतक के परिजनों, परिचितों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जिलेभर में नाकाबंदी कर तलाश तेज कर दी गई है। इस घटना के बाद रामपुर सहित पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है तथा स्थानीय लोगों ने अपराधियों पर शीघ्र कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
