सावंगी में सेवा संकल्प अभियान के तहत 21 पौधों का रोपण, मंदिर परिसर में चलाया स्वच्छता अभियान
कौशलेश तिवारी ने समितियों से पूरी क्षमता और समर्पण के साथ ग्राम विकास में योगदान देने का किया आह्वान
सावंगी। मध्य प्रदेश जनअभियान परिषद के निर्देशन में नवांकुर संस्था ताप्ती प्रभास नागरिक सेवा समिति सावंगी के तत्वावधान में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सावंगी द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा : मेरा योगदान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्राम में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण गतिविधियां संचालित की गईं।
कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों और समिति सदस्यों ने 21 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही गांव स्थित मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। परिसर की साफ-सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
विकासखंड के कई गांवों में हो रही गतिविधियां
मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद आठनेर विकासखंड समन्वयक मधु चौहान ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे विकासखंड में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। ग्राम बरखेड़, हिवरा, खैरवाड़ा गुजरमाल, बोरपानी सहित कई प्रस्फुटन ग्रामों में स्थानीय सहयोग और जनभागीदारी से बोरीबंधान का कार्य किया गया है।
उन्होंने बताया कि लगभग सभी प्रस्फुटन समितियों द्वारा अपने-अपने गांवों में स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
समितियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
नवांकुर संस्था और प्रस्फुटन समिति की बैठक के दौरान संभाग समन्वयक कौशलेश तिवारी ने आगामी गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सभी समितियां पूरी क्षमता और समर्पण के साथ गतिविधियों का आयोजन करें और ग्राम विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिक से अधिक ग्रामीणों को इन गतिविधियों से जोड़ने और सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
तिवारी ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि जनभागीदारी और व्यक्तिगत जिम्मेदारी से संभव है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने हिस्से का योगदान देने का संकल्प ले तो गांव को स्वच्छ, हरित और नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सकता है।

जल संरक्षण के लिए बोरीबंधान पर जोर
जिला समन्वयक संतोष राजपूत ने समिति सदस्यों से संभावित स्थानों पर बोरीबंधान कर जल संरक्षण के प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अल्प वर्षा हुई है, ऐसे में जल संरक्षण के लिए अभी से आवश्यक कदम उठाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी है। स्थानीय स्तर पर जल संरक्षण के प्रयासों में ग्रामीणों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों, समिति सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं नशामुक्ति का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्राम के समाजसेवी संजय अडलक, आशुतोष चौहान, गणपत बोहरपी, ताप्ती प्रभास नवांकुर संस्था अध्यक्ष दिनेश माकोड़े, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष हेमलता दवंडे, मनीषा वागड्रे, गौरी झरबडे, वीणा माकोड़े, मीना वागादरे, परामर्शदाता प्रियांशु धाकड़े, दीपाली पातुलकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
