रायसेन में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन, विकसित भारत 2047 का लिया सामूहिक संकल्प
संवाददाता : उमेश चौबे
रायसेन। संवाददाता उमेश चौबे। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बुधवार को रायसेन स्थित शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में विकसित भारत संकल्प सभा और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने सहभागिता कर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का कार्यक्रम स्थल पर लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया।
जनप्रतिनिधियों ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक सुरेन्द्र पटवा और जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा ने किया। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन, कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी और राकेश शर्मा उपस्थित रहे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा नागरिकों ने भी संकल्प सभा में भाग लिया। आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के सफर और विकसित भारत के लक्ष्य पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। सभा में सेवा, सुशासन तथा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण को लेकर संबोधन दिए गए।
विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री ने जनसेवा की जो कार्यसंस्कृति स्थापित की है, वह देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
राज्यमंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन का संकल्प बनाने के लिए निरंतर कार्य करना होगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप सभी मिलकर वर्ष 2047 तक भारत को सशक्त और विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य साकार करने में योगदान दें।
जनसेवा की यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजन
सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनसेवा से राष्ट्रसेवा की यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकसित भारत संकल्प सभा के अंतर्गत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की गई है।
उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से भारत के प्रधानमंत्री तक का नरेन्द्र मोदी का सफर कर्तव्यनिष्ठा, अथक परिश्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरक गाथा है। डॉ. चौधरी ने अपने संबोधन में गरीबों के जीवन में खुशहाली, युवाओं को अवसर, मातृशक्ति को सम्मान तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प का उल्लेख किया। उन्होंने इसे जनसेवा के लिए प्रेरणादायी बताया।
प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण पर जोर
भोजपुर विधायक सुरेन्द्र पटवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत विकास और जनकल्याण के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री निरंतर राष्ट्रसेवा करते हुए देश को विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कार्य कर रहे हैं।
पटवा ने कहा कि सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं सहित प्रत्येक वर्ग के विकास तथा कल्याण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ने की बात कही। साथ ही कहा कि विकास कार्यों और जनहितैषी योजनाओं के माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के कल्याण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा और राकेश शर्मा ने भी सभा को संबोधित किया।
रायसेन जिले की विकास पुस्तिका का वितरण
कार्यक्रम के दौरान जनसम्पर्क विभाग द्वारा रायसेन जिले की विकास पुस्तिका का वितरण कराया गया। जनप्रतिनिधियों और आमजन को पुस्तिका उपलब्ध कराई गई। सभा में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन का लाइव प्रसारण देखा और सुना। केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का वर्चुअल संबोधन भी कार्यक्रम का हिस्सा रहा।
नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची सेवा ज्योति यात्रा
संकल्प सभा के साथ रायसेन नगर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज से प्रारंभ हुई यात्रा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची। इसके उपरांत सेवा ज्योति यात्रा के रथ विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुए। आयोजन में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने और जनसेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य करने का संदेश दिया गया।
