राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा सारंगपुर, निकली विशाल तिरंगा यात्रा
Sarangpur । आजादी के पावन पर्व स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत गुरुवार को सारंगपुर नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। देशभक्ति, एकता और अखंडता का संदेश लेकर नगर में विशाल एवं भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल सहित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
हाथों में तिरंगा थामे हजारों नागरिकों के कदम जब नगर की सड़कों पर बढ़े तो पूरा सारंगपुर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” के जयघोष के बीच निकली यात्रा ने नगर में राष्ट्रभक्ति का ऐसा वातावरण बनाया कि हर मार्ग तिरंगे के रंग में रंगा दिखाई दिया।
गांधी चौक से शुरू हुई यात्रा, प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड पहुंची
भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ गांधी चौक से हुआ। यहां से यात्रा मुखर्जी चौक, टेंशन चौराहा, भेरूदरवाजा, पालीवाल कॉम्प्लेक्स, दीनदयाल चौराहा होते हुए बस स्टैंड पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की भीड़ उमड़ती रही। दुकानदारों, महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों ने यात्रा का उत्साह बढ़ाया।
ढोल-नगाड़ों की गूंज, देशभक्ति गीतों और हाथों में लहराते तिरंगों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, इसमें शामिल होने वाले नागरिकों की संख्या भी बढ़ती गई। कई स्थानों पर लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों और घरों से निकलकर यात्रा का स्वागत किया और राष्ट्रभक्ति के इस आयोजन का हिस्सा बने।

बच्चों की विशेष सहभागिता बनी आकर्षण का केंद्र
तिरंगा यात्रा में बच्चों की विशेष सहभागिता देखने को मिली। नन्हे बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में शामिल हुए। कई बच्चे भारत माता, शहीद भगत सिंह सहित देश के महान क्रांतिकारियों और राष्ट्रनायकों की वेशभूषा में नजर आए। बच्चों का यह स्वरूप लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
मंत्री डॉ गौतम टेटवाल नेकहा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का उद्देश्य केवल घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराना ही नहीं, बल्कि देश की युवा पीढ़ी के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है।
बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता इसी उद्देश्य को सार्थक करती दिखाई दी।
मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश
यात्रा को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले असंख्य वीरों की गौरवगाथा और देश की एकता-अखंडता का प्रतीक है।
मंत्री डॉ गौतम टेटवाल ने कहा, “हम जिएंगे तो इसके लिए और मरेंगे तो इसके लिए। जब जीवन के अंतिम समय में अंदर से आवाज आए, तब भी भारत माता की जय ही निकले—हमारे अंदर राष्ट्रभक्ति की ऐसी भावना होनी चाहिए।”
मंत्री डॉ. टेटवाल ने बच्चों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ये बच्चे देश का भविष्य हैं। इनके हाथों में देश की आने वाली रेखा है और यही नई पीढ़ी आगे चलकर भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

तिरंगे के सम्मान के साथ एकता का संदेश
तिरंगा यात्रा ने सारंगपुर में सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दिया। विभिन्न समाजों, वर्गों और संगठनों के लोग एक साथ हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। किसी के हाथ में छोटा तिरंगा था तो किसी के हाथ में विशाल ध्वज, लेकिन सभी के मन में देश के प्रति सम्मान और गौरव की भावना समान थी।
यात्रा के दौरान पूरा नगर मानो एक सूत्र में बंधा नजर आया। राष्ट्रध्वज की शान में उठते हाथ और भारत माता के जयघोष ने स्वतंत्रता आंदोलन के बलिदान और देश के वीर सपूतों की याद दिलाई।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान को मिला जनसमर्थन
‘हर घर तिरंगा अभियान’ के माध्यम से नागरिकों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करने का आह्वान किया जा रहा है। सारंगपुर की तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब इस अभियान के प्रति नगरवासियों के उत्साह और जुड़ाव को दर्शाता रहा।
यात्रा के समापन अवसर पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान, देश की एकता-अखंडता और राष्ट्रहित में सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। गांधी चौक से बस स्टैंड तक निकली इस भव्य यात्रा ने सारंगपुर की धरती पर देशभक्ति की एक ऐसी तस्वीर प्रस्तुत की, जिसमें बच्चे, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और जनप्रतिनिधि सभी एक साथ तिरंगे की छांव में दिखाई दिए।
स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित यह तिरंगा यात्रा नगर के लिए केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रेम, तिरंगे के सम्मान और एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना का जीवंत संदेश बन गई। पूरे मार्ग में लहराते तिरंगे और गूंजते राष्ट्रभक्ति के जयघोष ने यह स्पष्ट कर दिया कि सारंगपुर के दिल में तिरंगा है और हर नागरिक के मन में भारत माता के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना है।

तिरंगा यात्रा में यात्रा प्रभारी पंकज पालीवाल हिंदू उत्सव अध्यक्ष ध्रव भल्ला
मंडल अध्यक्ष महेश पुष्पद
महिला जिला अध्यक्ष नीलम सक्सेना मंडल प्रभारी कैलाश जी नागर सह प्रभारी दिनेश सिसोदिया राकेश पुष्पद
युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल पुष्पद
महामंत्री कमल राठौर समस्त पदाधिकारी एवं देवतुल्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में नगर वासी ने बाग लिया
