—Advertisement—

बड़ा खुलासा: सारंगपुर कांग्रेस का दोहरा प्रदर्शन, राम मंदिर ट्रस्ट जांच और बिजली-पानी संकट पर 2 ज्ञापन सौंपे

Author Picture
Published On: 11 July 2026
WhatsApp Image 2026 07 11 at 9.13.39 AM 1

—Advertisement—

सारंगपुर कांग्रेस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राम मंदिर ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच, गंदे पानी की आपूर्ति, अघोषित बिजली कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर तहसीलदार को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

सारंगपुर कांग्रेस प्रदर्शन: राम मंदिर ट्रस्ट में अनियमितता और नगर की बिजली-पानी समस्याएं उठाईं, तहसीलदार को सौंपे दो अलग-अलग ज्ञापन

न्यूज, सारंगपुर।

जिला कांग्रेस कमेटी राजगढ़ के दिशा-निर्देशानुसार ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी सारंगपुर के तत्वावधान में स्थानीय मुद्दों और राष्ट्रीय स्तर के विषय को लेकर सारंगपुर तहसीलदार शैलजा मिश्रा को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे गए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में वित्तीय अनियमितताओं एवं स्थानीय प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया।


श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में वित्तीय अनियमितताओं की जांच की मांग

इस दौरान राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए पहले ज्ञापन में मांग की गई कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोपों की सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए।

साथ ही वर्तमान ट्रस्ट को भंग कर एक पारदर्शी व्यवस्था बनाने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई।

इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश सोमानी ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं, इसलिए मंदिर के चढ़ावे, दान और निधियों के संबंध में उठने वाले किसी भी संदेह का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध परीक्षण होना अत्यंत आवश्यक है ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास अक्षुण्ण बना रहे।

इस मौके पर बनवारी लाल मालवीय ने कहा कि पूरे प्रकरण की सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक जांच कराई जाए। वर्तमान ट्रस्ट को भंग कर नई एवं पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाए।

वरिष्ठ नेता प्रदीप सादानी ने कहा कि जांच में दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों और ट्रस्टियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो।

पूर्व विधायक कृष्णमोहन मालवीय ने कहा कि संबंधित पदाधिकारियों, ट्रस्टियों और उनके निकट संबंधियों के वित्तीय लेन-देन व संपत्तियों की भी निष्पक्ष जांच की जाए। स्वतंत्र फोरेंसिक एवं वित्तीय ऑडिट कराया जाए तथा स्थापना से लेकर अब तक प्राप्त सभी दान, चढ़ावे और व्यय का विवरण सार्वजनिक किया जाए।


गंदे पानी की आपूर्ति, बिजली कटौती और बढ़े हुए बिलों का विरोध

दूसरे ज्ञापन में गंदे पानी की आपूर्ति, अघोषित बिजली कटौती और चार गुना तक बढ़े बिजली बिलों का विरोध दर्ज कराया गया।

इस मौके पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष आबिद हुसैन लोदी ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद सारंगपुर द्वारा बिना फिल्टर किए अत्यंत गंदा और बदबूदार पानी नलों के माध्यम से वितरित किया जा रहा है, जिससे नागरिकों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि आम जनता से प्रति माह 130 रुपये स्वच्छता और स्वच्छ पेयजल के नाम पर लिए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर सुविधा शून्य है।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद अली ने कहा कि बिजली विभाग द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर बिना सूचना दिए लगातार अघोषित कटौती की जा रही है।

साथ ही ग्रामीणों, किसानों और आम नागरिकों पर मनमाने तरीके से स्मार्ट मीटर लगाने का दबाव बनाया जा रहा है, जिससे बिजली के बिल चार गुना तक अधिक आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि समय पर बिल जमा नहीं होने पर तत्काल बिजली कनेक्शन काट दिए जाते हैं, जिससे आम नागरिक परेशान हैं।


कांग्रेस की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर पालिका और बिजली विभाग ने जल्द ही अपनी व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी दोनों विभागों का उग्र घेराव और आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


कार्यक्रम में ये नेता रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान विधानसभा प्रभारी लोकेंद्र सिंह आरोलिया, पूर्व विधायक कृष्णमोहन मालवीय, ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गेश सोमानी, बनवारी लाल मालवीय, रामचंद्र नागर, रितेश पाटीदार, मोहम्मद अली, प्रदीप सदानी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष आबिद हुसैन लोदी, पचोर अध्यक्ष अमित बंसल सहित विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता, बीएलए एवं समस्त कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट आबिद हुसैन लोदी ने किया जबकि अंत में आभार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दुर्गेश सोमानी ने व्यक्त किया।

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp