—Advertisement—

त्याग, संयम और आत्मसाधना ही सच्चे दिगम्बर साधु की पहचान : आचार्यश्री उदारसागर

Author Picture
Published On: 20 August 2026
आचार्यश्री उदारसागर

—Advertisement—

 

त्याग, संयम और आत्मसाधना ही सच्चे दिगम्बर साधु की पहचान

त्याग, संयम और आत्मसाधना ही सच्चे दिगम्बर साधु की पहचान : आचार्यश्री उदारसागर
धर्म के प्रति श्रद्धा और समर्पण आवश्यक : मुनिश्री उपशान्तसागर

मुरैना (मनोज जैन नायक)। नगर के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में चातुर्मासरत परम पूजनीय आचार्य श्री 108 उदारसागर महाराज के सान्निध्य में आयोजित धर्मसभा में धर्म, संयम, त्याग और आत्मसाधना के महत्व पर प्रकाश डाला गया। आचार्यश्री उदारसागर महाराज ने कहा कि सच्चे गुरु के प्रति श्रद्धा और समर्पण साधक के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गुरु का जीवन ही धर्म, संयम और आत्मकल्याण का मार्ग दिखाता है।

आचार्यश्री ने कहा कि सच्चे दिगम्बर साधु की पहचान बाहरी वैभव या सांसारिक सुविधाओं से नहीं, बल्कि त्याग, तप, संयम, अहिंसा और आत्मसाधना से होती है। साधु का जीवन आत्मकल्याण और मोक्षमार्ग की साधना के लिए समर्पित होता है।

उन्होंने दिगम्बर साधु के जीवन के चार प्रमुख लक्षणों की चर्चा करते हुए कहा कि नग्नत्व समस्त परिग्रहों के त्याग का प्रतीक है। दिगम्बर साधु सांसारिक संग्रह, मोह और आसक्ति से स्वयं को दूर रखते हैं। यह अवस्था साधु के पूर्ण वैराग्य और त्याग की भावना को दर्शाती है।

आचार्यश्री ने केशलोंच को साधना का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से साधु शरीर के प्रति मोह और आसक्ति का त्याग करते हैं। यह कठोर साधना आत्मबल, सहनशीलता और संयम का परिचायक है। उन्होंने कहा कि साधु का उद्देश्य शरीर को सुख-सुविधाएं देना नहीं, बल्कि आत्मा को संसार के बंधनों से मुक्त करने की दिशा में आगे बढ़ना है।

तीसरे लक्षण के रूप में मयूर पिच्छिका धारण का उल्लेख करते हुए आचार्यश्री ने कहा कि पिच्छिका अत्यंत कोमल होती है और दिगम्बर साधु के अहिंसा व्रत के पालन में सहायक होती है। इसके माध्यम से सूक्ष्म जीवों की रक्षा का भाव प्रकट होता है। उन्होंने बताया कि पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर महाराज भी पिच्छिका के महत्व को विशेष रूप से समझाया करते थे।

चौथे लक्षण के रूप में शरीर संस्कार रहित जीवन की चर्चा करते हुए आचार्यश्री ने कहा कि दिगम्बर साधु शरीर को सजाने-संवारने और सांसारिक शरीर-सुख से दूर रहते हैं। उनका जीवन आत्मचिंतन, संयम और साधना में निरंतर लगा रहता है।

आचार्यश्री ने अपने चातुर्मास से जुड़ा एक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि बैतूल जिले के एक छोटे से गांव में एक व्यक्ति ने उनसे पूछा था कि वे स्नान क्यों नहीं करते। इस पर उन्होंने समझाया कि दिगम्बर साधु का जीवन शरीर के श्रृंगार और भौतिक सुविधाओं के लिए नहीं, बल्कि आत्मा की साधना, संयम और वैराग्य के लिए होता है। साधु शरीर की अपेक्षा आत्मा के कल्याण को प्राथमिकता देते हैं।

उन्होंने कहा कि सच्चे गुरु की पहचान उनके बाहरी वैभव से नहीं, बल्कि उनके त्याग, तप, संयम, करुणा और आत्मानुशासन से होती है। गुरु के प्रति श्रद्धा तभी सार्थक है, जब व्यक्ति उनके बताए मार्ग पर चलकर अपने जीवन में धर्म, संयम, अहिंसा और सदाचार को स्थान दे।

धर्म के प्रति श्रद्धा और समर्पण आवश्यक : मुनिश्री उपशान्तसागर

धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री 108 उपशान्तसागर महाराज ने कहा कि मनुष्य को सुख हो या दुख, अमीरी हो या गरीबी, हर परिस्थिति में धर्म को अपने जीवन का आधार बनाए रखना चाहिए। परिस्थितियां कैसी भी हों, प्रभु का स्मरण, पूजा-पाठ और भक्ति नहीं छोड़नी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जीवन में सुख-दुख और उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। सुख के समय धर्म को भूल जाना और केवल परेशानी आने पर भगवान को याद करना सच्ची भक्ति नहीं है। सच्चा भक्त वही है जो प्रत्येक परिस्थिति में प्रभु के प्रति अपनी श्रद्धा बनाए रखे।

मुनिश्री ने कहा कि संकट के समय धर्म का आश्रय व्यक्ति को मानसिक शक्ति और सही दिशा प्रदान करता है। प्रभु के प्रति अटूट श्रद्धा और उनके बताए मार्ग पर चलने से जीवन में शांति, संयम और सद्भाव की भावना विकसित होती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्म केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मनुष्य के जीवन को सही दिशा देने वाली साधना है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में धर्म, अहिंसा, संयम और सदाचार को अपनाने का प्रयास करना चाहिए।

जैन छात्रावास के छात्र सीख रहे प्रवचन कला

आचार्यश्री उदारसागर महाराज के सान्निध्य में जैन छात्रावास एवं जैन संस्कृत विद्यालय के छात्र प्रवचन कला का प्रशिक्षण भी प्राप्त कर रहे हैं। प्रतिदिन दोपहर में विद्यार्थी आचार्यश्री के चरण सान्निध्य में एकत्रित होकर धार्मिक विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की कला सीखते हैं।

प्रशिक्षण के दौरान आचार्यश्री छात्रों को सरल भाषा में समझा रहे हैं कि प्रवचन की शुरुआत किस प्रकार की जाए, किसी विषय को श्रोताओं के सामने प्रभावी तरीके से कैसे रखा जाए तथा बोलते समय भाषा, उच्चारण और प्रस्तुति का किस प्रकार ध्यान रखा जाए।

छात्रों को यह भी बताया जा रहा है कि धार्मिक प्रवचन में दृष्टांत का प्रयोग कब और किस प्रकार किया जाना चाहिए। किसी कठिन धार्मिक विषय को सरल, सहज और रोचक भाषा में श्रोताओं तक पहुंचाने के साथ-साथ उनकी जिज्ञासाओं और शंकाओं का समाधान किस प्रकार प्रभावी ढंग से किया जाए, इसका भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

आचार्यश्री छात्रों को प्रवचन कला के साथ विषय की गहराई, आत्मविश्वास, शुद्ध उच्चारण, प्रभावी संवाद और धर्म के मर्म को समझने की प्रेरणा भी दे रहे हैं। विद्यार्थी उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और सीखी हुई बातों का नियमित अभ्यास कर रहे हैं।

इस अवसर पर आचार्यश्री ने कहा कि बच्चों में बचपन से ही धार्मिक संस्कारों के साथ वक्तृत्व कला का विकास किया जाए तो वे भविष्य में धर्म, संस्कृति और समाज के लिए प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। इस प्रकार का प्रशिक्षण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कुमकुम सोनी स्वराज वाणी न्यूज मे कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत है। इन्होंने स्नातक पत्रकारिता एवं जनसंचार से की है। यह विशेषतः राजनीति एवं भू-राजनीति से जुड़े मुद्दों का गहन विशलेषण कर सरल भाषा में आम जनता के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रयास करती है।… Read More

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp