इंदौर में आज आएंगे आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, 180 जाति-समाजों के प्रतिनिधियों से करेंगे संवाद, कल करेंगे कैंसर केयर सेंटर का उद्घाटन
इंदौर आज और कल सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं के ऐतिहासिक कार्यक्रमों का साक्षी बनेगा।
आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत शनिवार शाम करीब 7 बजे इंदौर पहुंचेंगे और रामबाग स्थित सुदर्शन कार्यालय में रुकेंगे।
कल का कार्यक्रम:
-
सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक – ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में सामाजिक सद्भाव बैठक, जिसमें मालवा प्रांत की 180 जाति-समाजों के प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख शामिल होंगे। यह पहली बार है जब प्रांत स्तरीय सामाजिक सद्भाव बैठक इंदौर में हो रही है।
-
इस अवसर पर डॉ. भागवत पंच परिवर्तन, स्वदेशी जीवन शैली, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, नागरिक अनुशासन और समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
शाम 5 से 7 बजे तक – श्री गुरुजी सेवा न्यास के कैंसर केयर सेंटर का उद्घाटन।
96 करोड़ की लागत वाले इस अस्पताल के पहले चरण में 26 करोड़ से बेसमेंट, ग्राउंड और तीन मंजिलों का निर्माण पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में हाईटेक मशीनरी और अतिरिक्त फ्लोर तैयार होंगे। यह प्रोजेक्ट जनभागीदारी से बन रहा है, जिसमें कंपनियों का CSR योगदान और दानदाताओं का सहयोग शामिल है।
मालवा प्रांत सामाजिक सद्भाव संयोजक दिनेश गुप्ता ने बताया कि इस बैठक का उद्देश्य विभिन्न समाजों में आपसी समन्वय बढ़ाकर भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में कदम बढ़ाना है।
डॉ. भागवत इस वर्ष जनवरी में भी दो बार इंदौर आए थे और अपने संदेश में कहा था – “हर अग्रपंक्ति में हमारा देश होना चाहिए।”
