Manawar में रिंग रोड और सड़क चौड़ीकरण को लेकर डॉ. हिरालाल अलावा के प्रयास,
सवांददाता : कौशिक पंडित
Manawar। धार जिले के मनावर शहर में बढ़ती यातायात समस्या, दुर्घटनाओं और भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए रिंग रोड/बाईपास मार्ग के निर्माण की मांग लंबे समय से उठती रही है। विधायक डॉ. हिरालाल अलावा द्वारा इस मांग को लेकर लगातार प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं संबंधित मंत्री को पत्र लिखकर मनावर रिंग रोड के साथ खलघाट-मनावर-कुक्षी-अलीराजपुर मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की है।
2019 में हुई थी रिंग रोड की स्वीकृति
जानकारी के अनुसार डॉ. हिरालाल अलावा ने वर्ष 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात कर तथा पत्र के माध्यम से मनावर रिंग रोड की मांग रखी थी। इसके बाद जुलाई 2019 में लोक निर्माण विभाग द्वारा मनावर रिंग रोड को स्वीकृति दी गई थी।
तत्कालीन बजट में मनावर रिंग रोड की लंबाई 10 किलोमीटर और अनुमानित लागत करीब 6 करोड़ रुपये प्रस्तावित की गई थी। इसके लिए आवश्यक अनुदान राशि का भी प्रावधान किया गया था।
नए प्राक्कलन में बढ़ी लागत
बाद में नए प्रभावशील सड़क एसओआर और नए एलाइनमेंट के आधार पर रिंग रोड की लंबाई 12.40 किलोमीटर प्रस्तावित की गई। इसके निर्माण के लिए करीब 64.46 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार कर प्रमुख अभियंता कार्यालय को भेजा गया था। संबंधित विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई, लेकिन परियोजना को अपेक्षित स्वीकृति नहीं मिल सकी।
2022 और 2023 में फिर उठाई आवाज
मनावर में सड़क दुर्घटनाओं और यातायात की स्थिति को देखते हुए डॉ. अलावा ने 15 जून 2022 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाने और पूर्व में स्वीकृत रिंग रोड का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की।
इसके बाद 30 जनवरी 2023 को उन्होंने आगामी बजट 2023-24 में मनावर रिंग रोड को शामिल कर स्वीकृति देने की मांग फिर उठाई।
यातायात और कनेक्टिविटी में होगा सुधार
रिंग रोड बनने से मनावर शहर के अंदर भारी वाहनों का दबाव कम होने और यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। वहीं खलघाट-मनावर-कुक्षी-अलीराजपुर मार्ग के चौड़ीकरण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आवागमन सुगम हो सकता है।
डॉ. हिरालाल अलावा ने सरकार से सड़क परियोजनाओं पर शीघ्र निर्णय लेते हुए रिंग रोड को स्वीकृति देने और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
