Rewa मुख्यालय से एक किलोमीटर दूर तीन महीने से लावारिस खड़ा ट्रक, हादसे की आशंका
दुआरी गांव में तालाब के पास लंबे समय से खड़े वाहन से राहगीरों को परेशानी, ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की
Rewa , 16 सितंबर। रीवा मुख्यालय से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित दुआरी गांव में तालाब के पास पिछले करीब तीन महीने से एक अज्ञात ट्रक खड़ा हुआ है। लंबे समय से एक ही स्थान पर खड़े इस वाहन का अब तक कोई स्वामी या जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर इसकी जानकारी लेने नहीं पहुंचा है। ग्रामीणों के अनुसार, वाहन के संबंध में स्थानीय स्तर पर भी कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब के पास सड़क किनारे खड़ा ट्रक राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। वाहन के लंबे समय से खड़े रहने के कारण सड़क पर आवाजाही प्रभावित हो रही है और कई बार राहगीरों को निकलने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते वाहन को वहां से नहीं हटाया गया तो किसी दिन गंभीर हादसा हो सकता है। खासतौर पर रात के समय पर्याप्त दृश्यता नहीं होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण करने की मांग की है।
लोगों की मांग है कि प्रशासन वाहन की जांच कर उसके मालिक की जानकारी जुटाए। यदि वाहन का कोई दावेदार सामने नहीं आता है तो नियमानुसार उसे प्रशासन अपनी सुपुर्दगी में लेकर नजदीकी थाने में सुरक्षित खड़ा करवाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना या अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताते हुए कहा कि किसी बड़ी घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते सुरक्षा की दृष्टि से कदम उठाना जरूरी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस लंबे समय से खड़े अज्ञात ट्रक को लेकर कब तक कार्रवाई करता है।
