राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मुनि पुंगव 108 श्री सुधासागर जी महाराज को राजकीय अतिथि घोषित करने के निर्णय पर धन्यवाद दिया। 26 जुलाई को इंदौर में होगा भव्य मंगल प्रवेश।
राजेश जैन दद्दू
राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ ने सीएम मोहन यादव का जताया आभार, सुधासागर जी को राजकीय अतिथि घोषित करने के निर्णय का स्वागत
इंदौर। राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा निर्यापक मुनि पुंगव 108 श्री सुधासागर जी महाराज को राजकीय अतिथि घोषित किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
संघ के प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि संघ की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में इस निर्णय को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा, अहिंसा, संयम और नैतिक मूल्यों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता का प्रतीक बताया गया है।
संघ के अध्यक्ष राकेश जैन गोहिल द्वारा 23 जुलाई 2026 को जारी पत्र क्रमांक संग./2026/136 में कहा गया है कि यह निर्णय केवल एक महान तपस्वी संत के सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय आध्यात्मिक विरासत के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. जैनेन्द्र जैन ने कहा कि पूज्य गुरुदेव ने अपने जीवन को तप, त्याग, राष्ट्रसेवा, पर्यावरण संरक्षण, गौ-संवर्धन, शिक्षा, सामाजिक समरसता और मानवता के उत्थान के लिए समर्पित किया है। उनका जीवन समाज को सदाचार, आत्मसंयम और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता है।
संघ के मंयक जैन ने कहा कि ऐसे युगद्रष्टा संत को राज्य सरकार द्वारा दिया गया सम्मान संपूर्ण जैन समाज के साथ-साथ प्रदेशवासियों के लिए भी गर्व और प्रेरणा का विषय है।
प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति पुनः आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश की निरंतर प्रगति, समृद्धि, सांस्कृतिक वैभव और जनकल्याण की कामना की।
26 जुलाई को इंदौर में होगा भव्य मंगल प्रवेश
उल्लेखनीय है कि मुनि पुंगव 108 श्री सुधासागर जी महाराज का चातुर्मास वर्ष 2026 में इंदौर में आयोजित होगा। उनका भव्य मंगल प्रवेश 26 जुलाई को बड़ा गणपति से प्रारंभ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
