—Advertisement—

, , ,

MP News: भोपाल में रक्षामंत्री का भव्य स्वागत, CM यादव संग करेंगे रेल कोच इकाई का भूमिपूजन

Author Picture
Published On: 10 August 2025
cm mohan yadav

—Advertisement—

रायसेन को मिली बड़ी सौगात: 1800 करोड़ की बीईएमएल रेल कोच फैक्ट्री का भूमिपूजन आज, प्रदेश में रोजगार और औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार

रायसेन जिले के उमरिया गांव में 1800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बीईएमएल (भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड) की अत्याधुनिक रेल कोच फैक्ट्री का भूमिपूजन आज रविवार को केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। यह परियोजना प्रदेश में रोजगार, औद्योगिक विकास और ‘मेक इन इंडिया’ मिशन को नई दिशा देगी।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के भोपाल पहुंचने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर प्रदेश को रेल कोच इकाई की बड़ी सौगात मिल रही है। भूमिपूजन कार्यक्रम औबेदुल्लागंज के दशहरा मैदान में आयोजित होगा, जिसमें केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार और बीईएमएल के अध्यक्ष शांतनु राय भी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम में बीईएमएल परियोजना पर आधारित लघु फिल्म, प्रस्तावित प्लांट का 3डी वॉकथ्रू और नए संयंत्रों के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। 60 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर बनने वाली “ब्रह्मा परियोजना” (BEML Rail Hub for Manufacturing) से भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा सहित आसपास के जिलों को बड़ा लाभ होगा। तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और करीब 5 हजार लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल राजधानी क्षेत्र बल्कि निकटवर्ती औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी। यहां बनने वाले वंदे भारत, अमृत भारत और मेट्रो ट्रेनों के कोच भारतीय रेल के नए युग की शुरुआत करेंगे, जो प्रधानमंत्री के ‘मेक इन इंडिया’ मिशन की भावना को साकार करेंगे।

प्रदेश में औद्योगिक विकास की नई इबारत: रायसेन में बनने वाली बीईएमएल रेल कोच फैक्ट्री ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का प्रतीक

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रायसेन जिले में स्थापित होने जा रही बीईएमएल रेल कोच फैक्ट्री को प्रदेश के औद्योगिक विकास में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में निवेशकों को आमंत्रित किया जा रहा है, और इसी प्रयास के तहत कुछ माह पूर्व बैंगलोर स्थित बीईएमएल संस्थान के भ्रमण के दौरान इस परियोजना का निर्णय लिया गया।

‘ब्राह्मा’ नाम से विकसित होने वाला यह अत्याधुनिक संयंत्र पूरी तरह ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के उद्देश्यों पर आधारित होगा। यहां उपयोग होने वाली अधिकांश तकनीक और सामग्री देश में ही विकसित व निर्मित की जाएगी, जिससे विदेशी निर्भरता घटेगी और रक्षा निर्माण के क्षेत्र में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

परियोजना के निर्माण में पर्यावरणीय मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। संयंत्र को शून्य तरल अपशिष्ट प्रणाली, सौर एवं नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग, वर्षा जल संचयन, और हरित लैंडस्केपिंग जैसे हरित उपायों के साथ तैयार किया जाएगा। निर्माण में पुनर्नवीनीकृत और टिकाऊ सामग्री का उपयोग कर इसे ग्रीन फैक्ट्री मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह परियोजना न केवल प्रदेश के औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति देगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक मील का पत्थर साबित होगी।

रायसेन रेल कोच फैक्ट्री से मिलेगी रफ्तार: हर साल बनेगे 200 कोच, पांच साल में लक्ष्य 1,100 कोच

रायसेन जिले में बनने वाली बीईएमएल रेल कोच फैक्ट्री की प्रारंभिक उत्पादन क्षमता 125 से 200 कोच प्रतिवर्ष होगी। आगामी पांच वर्षों में इसे बढ़ाकर 1,100 कोच प्रतिवर्ष तक पहुंचाया जाएगा। इस परियोजना के संचालन से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार सृजित होंगे, जिससे प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में उच्च स्तरीय औद्योगिक रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

यहां विकसित होने वाली उन्नत तकनीकी क्षमताएं मध्यप्रदेश को हाई-स्पीड रेल और मेट्रो निर्माण के वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाएंगी, जिससे प्रदेश का औद्योगिक और तकनीकी परिदृश्य नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp