Indore में 19 सितंबर को राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम, तैयारियां तेज
युवाओं को जोड़ने पर कांग्रेस का फोकस, राघव चैतन्य और V Unbeatable देंगे प्रस्तुति
Indore । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को युवाओं और छात्रों से जोड़ने के लिए कांग्रेस की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी विशेष इंतजाम किया गया है।
कार्यक्रम में चर्चित गायक राघव चैतन्य अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा मशहूर डांस ग्रुप V Unbeatable भी अपनी कला का प्रदर्शन करेगा। इससे कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
IDA को जमा किए 10 लाख रुपये
कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) को करीब 10 लाख रुपये की राशि जमा कर दी है। जानकारी के अनुसार 17, 18 और 19 सितंबर के लिए मैदान किराए पर लिया गया है। राशि आरटीजीएस के माध्यम से IDA के खाते में जमा कराई गई है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के अनुसार कार्यक्रम स्थल को लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अनुमति से संबंधित कोई बड़ी समस्या नहीं है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने की बैठक
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक भी हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की मौजूदगी में कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
इस दौरान कार्यक्रम स्थल के लिए IDA को 10 लाख 8 हजार 175 रुपये जमा करने का फैसला लिया गया था। इसके बाद राशि जमा कराई गई।
युवाओं को साधने की रणनीति
कांग्रेस इस कार्यक्रम के जरिए बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं को जोड़ने की तैयारी में है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता दिए जाने की संभावना है।
कांग्रेस नेताओं का फोकस कार्यक्रम को प्रभावी और आकर्षक बनाने के साथ-साथ युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर है। राहुल गांधी इस दौरान छात्रों और युवाओं से संवाद कर सकते हैं तथा उनके मुद्दों और समस्याओं को लेकर अपनी बात रख सकते हैं।
19 सितंबर को होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस संगठन स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेशभर से छात्रों और युवा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।
