रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 2 दिन के भारत दौरे पर हैं और 4-5 दिसंबर को देश में रहेंगे। आज उनका दौरा दूसरे दिन पर है। शुक्रवार सुबह राष्ट्रपति भवन में उनका भव्य स्वागत किया गया, जिसके बाद पुतिन राजघाट पहुंचे और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, NSA अजीत डोभाल, प्रधान सचिव शक्तिकांत दास और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक में व्यापार, रक्षा और रणनीतिक सहयोग जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के दौरान वैश्विक शांति और यूक्रेन संकट पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि विश्वास सबसे बड़ी शक्ति है और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी मजबूत बनी हुई है। मोदी ने यह भी बताया कि पुतिन के साथ उनके व्यक्तिगत संबंधों को 25 वर्ष पूरे हो गए हैं।
शिखर सम्मेलन के बाद पुतिन RT इंडिया चैनल का उद्घाटन करेंगे। शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उनके सम्मान में राजकीय भोज देंगी। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई समझौतों और सहयोग संबंधी पहल होने की संभावना है।
