पुष्पगिरि तीर्थ में 15-16 अगस्त 2026 को आचार्य श्री 108 प्रसन्नसागर जी महाराज का पट्टविभूषण संस्कार महोत्सव होगा। जानिए कार्यक्रम, संतों की मौजूदगी और कवि सम्मेलन की पूरी जानकारी।
पुष्पगिरि तीर्थ पट्टविभूषण संस्कार महोत्सव: 15-16 अगस्त को होगा भव्य ऐतिहासिक आयोजन
सोनकच्छ/इंदौर। जैन समाज के लिए एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक धार्मिक अवसर आने वाला है। पुष्पगिरि तीर्थ पट्टविभूषण संस्कार महोत्सव का दो दिवसीय भव्य आयोजन 15 एवं 16 अगस्त 2026 को जैन तीर्थ सोनकच्छ स्थित पुष्पगिरि तीर्थ में किया जाएगा। तीर्थ प्रणेता गणाचार्य श्री 108 पुष्पदंत सागर जी महाराज के सानिध्य में जैन संत, तपाचार्य एवं साधना के गोमटेस आचार्य श्री 108 प्रसन्नसागर जी महाराज के पट्टविभूषण संस्कार का यह विशेष आयोजन धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहेगा।
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू, इंदौर ने बताया कि इस दो दिवसीय ऐतिहासिक समारोह का आयोजन अंतर्मना धार्मिक एवं पारमार्थिक न्यास, पुष्पगिरि तीर्थ के तत्वावधान में किया जा रहा है। देशभर से साधु-संत, विद्वान, श्रद्धालु, गुरुभक्त एवं गणमान्य नागरिक इस महोत्सव में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की प्रमुख झलकियां
15 अगस्त को पट्टविभूषण संस्कार और राष्ट्रीय-सांस्कृतिक कार्यक्रम
महोत्सव के प्रथम दिन 15 अगस्त 2026, शनिवार को दोपहर 12 बजे से पट्टविभूषण संस्कार विधि का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद शाम 6 बजे से राष्ट्रीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में राष्ट्रवाणी के वरदपुत्र, युवा कवि कुल कंठभरण, ओज मार्तण्ड एवं छंद महोदधि डॉ. कुमार विश्वास का विशेष कवि सम्मेलन आकर्षण का केंद्र रहेगा।
कवि सम्मेलन में कवि दीपक दनादन, कवि महेंद्र मधुर एवं कवियित्री सुश्री साक्षी राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर अपनी कविताओं के माध्यम से देशभक्ति का संदेश देंगे और राष्ट्रप्रेम का परचम लहराएंगे।राजेश जैन दद्दू ने बताया कि इस ऐतिहासिक महोत्सव में देश-विदेश से भी बड़ी संख्या में गुरुभक्तों के पहुंचने की संभावना है।
16 अगस्त को पट्टाभिषेक एवं अनुमोदना महोत्सव
महोत्सव के दूसरे दिन 16 अगस्त 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे से पट्टाभिषेक एवं अनुमोदना महोत्सव आयोजित होगा। इस दौरान धार्मिक विधि-विधान एवं मांगलिक क्रियाएं संपन्न कराई जाएंगी।कार्यक्रम में प्रतिष्ठाचार्य पं. श्री प्रदीप जी मधुर, मुंबई एवं पं. चन्द्रप्रकाश जी विधान एवं मांगलिक क्रिया कराएंगे।महोत्सव का मंच संचालन बा. ब्र. श्री तरुण भैया जी, इंदौर करेंगे। वहीं आमंत्रित विद्वान के रूप में प्रो. नलिन शास्त्री, दिल्ली उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में राजनीतिक एवं समाज श्रेष्ठी भी शामिल होंगे।
संतों और विद्वानों का मिलेगा सान्निध्य
पुष्पगिरि तीर्थ पट्टविभूषण संस्कार महोत्सव में देश के विभिन्न क्षेत्रों से संतों एवं विद्वानों का सान्निध्य और मार्गदर्शन प्राप्त होगा।महोत्सव में परम पूज्य योगऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज, आचार्य बालकृष्ण जी महाराज – पतंजलि योगपीठ हरिद्वार, पं. प्रदीप मिश्रा जी – अंतरराष्ट्रीय शिवकथा वाचक, सीहोर, पूज्य श्री महेश गुरु जी एवं महामण्डलेश्वर श्री प्रेमानंद पूरी जी सहित अनेक संतों एवं विद्वानों के सान्निध्य की जानकारी आयोजकों ने दी है।स्वामी रामदेव जी महाराज एवं आचार्य बालकृष्ण जी महाराज इस पट्टाचार्य संस्कार महोत्सव के अभिरक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगे।
देशभर से पहुंचेंगे गुरुभक्त
आयोजन को लेकर श्री पुष्पदंतसागर दिगम्बर जैन श्रमण संस्कृति न्यास, पुष्पगिरि तीर्थ एवं सकल दिगम्बर जैन समाज सोनकच्छ द्वारा श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी नागरिकों से इस ऐतिहासिक एवं दिव्य समारोह में सपरिवार सहभागी होने का आह्वान किया गया है।आयोजकों के अनुसार इंदौर, उज्जैन, भोपाल, औरंगाबाद, मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, जयपुर, कोटा सहित देश के अनेक शहरों से गुरुभक्त पुष्पगिरि तीर्थ पहुंचेंगे।यह आयोजन धार्मिक आस्था, साधना, संस्कृति और गुरु परंपरा का भव्य संगम बनने जा रहा है। दो दिनों तक पुष्पगिरि तीर्थ में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों, संतों के दर्शन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आध्यात्मिक गतिविधियों का वातावरण रहेगा।श्रद्धालुओं से इस अवसर पर सपरिवार पुष्पगिरि तीर्थ पहुंचकर संतों के दर्शन, धार्मिक आयोजनों एवं महोत्सव का लाभ लेने का आग्रह किया गया है।
नमोस्तु। शासन जयवंत हो।
रिपोर्टर: राजेश जैन दद्दू, इंदौर


