पाकिस्तान इस्लामाबाद : हाईकोर्ट और रावलपिंडी में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के समर्थकों, सांसदों और नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अदियाला जेल के बाहर भी इमरान के समर्थकों की भीड़ जमा रही और सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए।
पाकिस्तान में 4 नवंबर के बाद से इमरान खान से उनके परिवार या वकीलों की कोई मुलाकात नहीं हुई है। इस वजह से उनके स्वास्थ्य और सही सलामती को लेकर कयास और चिंताएं बढ़ गई हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक इमरान की बहनों को उनसे मिलने की अनुमति नहीं मिलेगी, वे जेल और कोर्ट के बाहर डटे रहेंगे।

स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदर्शन के बाद इमरान की एक बहन को उनसे मिलने की अनुमति मिल गई है, जिससे उनके स्वास्थ्य को लेकर चल रही अटकलों पर कुछ हद तक विराम लग सकता है।
अदियाला जेल के बाहर इमरान की तीनों बहनें— अलीमा खान, नूरीन खान और आजमी खान—भी प्रदर्शन में शामिल हुईं। उनके बेटे ने रॉयटर्स से बातचीत में कहा कि उनके पिता के साथ शायद कुछ ऐसा हुआ है, जिसे बदला नहीं जा सकता, और इसी वजह से सरकार किसी को उनसे मिलने नहीं दे रही।
साथ ही खबर है कि खैबर पख्तूनख्वा में इमरान की पार्टी की सरकार को बर्खास्त कर राज्यपाल शासन लागू किए जाने की संभावना भी चर्चा में है। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने भी इमरान की रिहाई के लिए प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया।
