पीएम मोदी का गयाजी दौरा: बिहार को 13,000 करोड़ की परियोजनाएं, भ्रष्टाचार पर विपक्ष को सीधे निशाने पर लिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के गयाजी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने बिजली, रेल, सड़क, आवास, जलापूर्ति और स्वास्थ्य क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, जिससे बिहार की आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी।
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने बेगूसराय में 6 लेन सिमरिया पुल समेत विभिन्न सड़क परियोजनाओं की शुरुआत की। साथ ही बक्सर में 660 मेगावाट की क्षमता वाले थर्मल पावर प्लांट, मुजफ्फरपुर के होमी भाभा कैंसर अस्पताल, बौद्ध सर्किट ट्रेन, औरंगाबाद, बोधगया, जहानाबाद में जलापूर्ति योजना समेत कई अहम योजनाओं का लोकार्पण किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लाभार्थियों को घर भी सौंपे गए।
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्षी दल कांग्रेस, राजद और वामदलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नए कानून की चर्चा करते हुए कहा कि जैसे किसी सरकारी क्लर्क या चपरासी को 50 घंटे हिरासत में रखा जाए तो तत्काल सस्पेंड कर दिया जाता है, लेकिन जेल में बंद नेताओं पर वही सख्ती क्यों नहीं दिखाई जाती? उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार द्वारा लागू नए कानून के तहत अब मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री या कोई मंत्री शिकायत आने पर 30 दिन में जमानत नहीं लेता तो उसे कुर्सी छोड़नी होगी। अब कोई जेल में रहकर सत्ता का सुख नहीं भोग सकेगा।
पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षी दल इस कानून का विरोध कर रहे हैं क्योंकि उन्हें अपने पिछले पापों का डर है। उन्होंने कांग्रेस और राजद के भ्रष्टाचार के कई उदाहरण गिनाते हुए कहा कि उनकी सरकार पर 11 साल में भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा जबकि विपक्षी दलों का रिकॉर्ड जनता के सामने है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मंच पर मौजूद रहे। हजारों लोगों की भीड़ और एनडीए कार्यकर्ताओं के जोश ने गयाजी के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
