उडुपी, कर्नाटक – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कर्नाटक के उडुपी स्थित श्री कृष्ण मठ पहुंचे और यहां एक लाख लोगों के साथ भागवत गीता का पाठ किया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि ‘सबका साथ-सबका विकास, सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय’ जैसी हमारी नीतियों के पीछे भगवान श्री कृष्ण के श्लोकों से मिली प्रेरणा काम करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा नीति का मूल भाव यही है कि हम वसुधैव कुटुम्बकम भी कहते हैं और ‘धर्मो रक्षति रक्षितः’ मंत्र का पालन करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने श्री कृष्ण मंदिर के सामने बने सुवर्ण तीर्थ मंडप का उद्घाटन भी किया और पवित्र कनकना किंडी के लिए कनक कवच (सोने का आवरण) समर्पित किया। यह खिड़की ऐतिहासिक मान्यता के अनुसार संत कनकदास को भगवान कृष्ण के दिव्य दर्शन कराने वाली रही है। मठ की स्थापना 800 साल पहले द्वैत वेदांत दर्शन के संस्थापक श्री माधवाचार्य ने की थी। जगद्गुरु श्री श्री सुगुनेंद्र तीर्थ स्वामीजी ने पीएम मोदी का अभिनंदन करते हुए संस्कृत में कहा कि नरेंद्र मोदी महोदय भारत के भाग्य-विधाता हैं।

इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि गीता पाठ से भारत के लोगों ने सहस्त्र वर्षों की दिव्यता का प्रत्यक्ष अनुभव किया। उन्होंने बताया कि श्री कृष्ण हमें गरीबों की सहायता, नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण का मार्ग दिखाते हैं। मोदी ने कहा कि भगवदगीता का संदेश शांति और सत्य की स्थापना के लिए अत्याचारियों का अंत आवश्यक बताता है। उन्होंने मिशन सुदर्शन चक्र की भी उद्घोषणा की और लाल किले से श्री कृष्ण की करुणा का संदेश देने का संकल्प लिया।
