ओडिशा में पीएम मोदी की बड़ी घोषणा, 60,000 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
ओडिशा के झारसुगुड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा की कला और संस्कृति विश्व प्रसिद्ध है और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है।
पीएम मोदी ने कहा, “डेढ़ साल पहले ओडिशावासियों ने ‘विकसित ओडिशा’ का संकल्प लिया था। आज डबल इंजन सरकार की गति से ओडिशा विकास के पथ पर अग्रसर है।” उन्होंने बीएसएनएल की स्वदेशी 4G सेवाओं के शुभारंभ का भी ऐलान किया।
गरीबों और युवाओं के लिए योजनाएं
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों और पिछड़े वर्गों को सशक्त बनाने वाली सरकार है। उन्होंने बताया कि देश में अब तक 4 करोड़ से ज्यादा गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। ओडिशा में भी हजारों घरों का निर्माण तेजी से चल रहा है।
उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत पारादीप से झारसुगुड़ा तक औद्योगिक क्षेत्र बनाने और 70,000 करोड़ रुपये के जहाज निर्माण पैकेज की घोषणा की। इसका उद्देश्य युवाओं के लिए लाखों रोजगार पैदा करना और निवेश को बढ़ावा देना है।
शिक्षा और कौशल विकास में निवेश
पीएम मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लिए कुशल युवा और अनुसंधान आवश्यक हैं। उन्होंने मेरिट योजना का भी उद्घाटन किया, जिसके तहत तकनीकी शिक्षा संस्थानों पर हजारों करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को अच्छे तकनीकी शिक्षा के अवसर प्रदान करना है।
कांग्रेस पर तंज
पीएम मोदी ने कहा, “2014 में हमने देश को कांग्रेस के लूटतंत्र से बाहर निकाला। अब दोगुनी बचत और दोगुनी कमाई का दौर है। पहले 2 लाख रुपये की आय पर भी टैक्स देना पड़ता था, अब 12 लाख रुपये तक की वार्षिक कमाई पर कोई टैक्स नहीं।”
अंत्योदय गृह योजना और लाभार्थी
पीएम मोदी ने अंत्योदय गृह योजना के तहत 50,000 लाभार्थियों को स्वीकृति आदेश वितरित किए। इस योजना का उद्देश्य विधवाओं, विकलांग और प्राकृतिक आपदा प्रभावित परिवारों को पक्का घर और वित्तीय सहायता प्रदान करना है।
मुख्यमंत्री का बयान
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ध्यान हमेशा ओडिशा के विकास पर रहा है। उन्होंने नई अमृत भारत ट्रेन, कौशल विकास योजनाओं और सेमीकंडक्टर पार्क की शुरुआत का जिक्र किया।


