पीएम मोदी के एमपी दौरे से पहले 114 कंपनियों का बड़ा निवेश, पीएम मित्रा पार्क बनेगा टेक्सटाइल हब
धार (मध्यप्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को धार जिले के बदनावर तहसील स्थित भैंसोला गांव में देश के पहले पीएम मित्रा पार्क (PM MITRA Park) का शिलान्यास करने आ रहे हैं। इस पार्क को लेकर पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल है। यह परियोजना न सिर्फ मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के वस्त्र उद्योग (Textile Industry) को नई ऊंचाई देने वाली साबित होगी।
शिलान्यास से पहले ही मिला 23 हजार करोड़ का निवेश
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले ही उद्योग जगत का भरोसा इस परियोजना पर साफ दिखाई दे रहा है। अब तक 114 अग्रणी टेक्सटाइल कंपनियों ने करीब 23,000 करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान किया है। इनमें से 91 कंपनियों के आवेदन को मंजूरी भी मिल चुकी है और लगभग 1,294 एकड़ से ज्यादा भूमि औद्योगिक उपयोग के लिए आवंटित करने की सिफारिश की जा चुकी है।
रोजगार और विकास का बड़ा केंद्र बनेगा पीएम मित्रा पार्क
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस पूरे प्रोजेक्ट और निवेश प्रस्तावों की सीधे निगरानी कर रहे हैं।
- शुरुआती चरण में ही 72,000 से ज्यादा रोजगार बनने का अनुमान है।
- परियोजना पूरी तरह विकसित होने पर यह आंकड़ा 3 लाख नौकरियों तक पहुंच सकता है।
- पार्क में यार्न से लेकर फैब्रिक और गारमेंट तक की वैल्यू चेन विकसित होगी, जिससे मध्यप्रदेश का टेक्सटाइल सेक्टर मजबूत होकर वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने लायक बनेगा।
इन दिग्गज कंपनियों ने किया बड़ा निवेश
पार्क में देश की कई प्रमुख कंपनियों ने जमीन लेकर निवेश की घोषणा की है:
- वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटेड – 190 एकड़, 2,000 करोड़
- जैन कॉर्ड इंडस्ट्रीज प्रा. लि. – 58 एकड़, 2,515 करोड़
- एबी कॉटस्पिन इंडिया लिमिटेड – 45 एकड़, 1,300 करोड़
- ट्राइडेंट लिमिटेड – 180 एकड़, 4,881 करोड़
- ऑरा सिक्योरिटीज प्रा. लि. – 105 एकड़, 1,204 करोड़
- बेस्ट लाइफस्टाइल अपैरल प्रा. लि. – 75 एकड़, 981 करोड़
- नासा फाइबर टू फैशन प्रा. लि. – 30 एकड़, 472 करोड़
- डोनियर सिंथेटिक लि. – 20 एकड़, 220 करोड़
- महालक्ष्मी प्रोसेसिंग हाउस प्रा. लि. – 30 एकड़, 300 करोड़
इन निवेश प्रस्तावों से साफ है कि धार का पीएम मित्रा पार्क भारत का सबसे बड़ा टेक्सटाइल हब बनने की ओर है।
भाजपा करेगी शक्ति प्रदर्शन
प्रधानमंत्री के इस दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। बताया जा रहा है कि जिले से करीब 9 हजार कार्यकर्ता कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। हाल ही में धार रोड पर हुई बैठक में केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और अन्य नेता शामिल हुए। महेंद्र सिंह ने कहा कि 2,158 एकड़ में बनने वाला यह पार्क क्षेत्र के आर्थिक विकास की धुरी बनेगा।
मालवा क्षेत्र में औद्योगिक क्रांति की आहट
विशेषज्ञ मानते हैं कि मालवा क्षेत्र में इस पार्क की स्थापना औद्योगिक क्रांति जैसी साबित होगी।
- लगभग 2,000 करोड़ की लागत से विकसित होने वाला इंफ्रास्ट्रक्चर उद्योगों को स्थापित करने के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं देगा।
- यहां का युवा वर्ग स्थानीय स्तर पर ही रोजगार पाएगा।
- यह इलाका आने वाले समय में भारत के वस्त्र उद्योग का अग्रणी केंद्र बन सकता है।


