PM मोदी का सादगी भरा संदेश: बोले– मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं, नितिन नबीन मेरे बॉस
PM नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर अपनी सादगी और संगठन के प्रति निष्ठा का परिचय देते हुए बड़ा बयान दिया है। दिल्ली स्थित भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के शपथ समारोह के दौरान पीएम मोदी ने नए भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का अभिनंदन करते हुए कहा कि वे स्वयं को प्रधानमंत्री से पहले पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता मानते हैं। उन्होंने मंच से कहा, मैं एक कार्यकर्ता हूं और नितिन नबीन मेरे ‘बॉस’ हैं। PM का यह बयान पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच खासा चर्चा का विषय बन गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए PM मोदी ने नितिन नबीन को विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठन पर्व की प्रक्रिया केवल एक औपचारिक चुनाव नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और पार्टी संविधान की भावना का जीवंत उदाहरण है।
संगठन पर्व लोकतांत्रिक आस्था का प्रतीक
PM मोदी ने कहा कि बीते कई महीनों से पार्टी की सबसे छोटी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन तक की प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से चली। यह प्रक्रिया भाजपा के संविधान, अनुशासन और कार्यकर्ता-केंद्रित सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा, “आज संगठन पर्व का विधिवत समापन हुआ है और यह भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था, संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं पर विश्वास का प्रतीक है।” PM ने यह भी कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जहां पद से अधिक महत्व प्रक्रिया और मूल्यों को दिया जाता है। यहां नेतृत्व बदलता है, लेकिन विचारधारा और दिशा नहीं बदलती।
पूर्व अध्यक्षों को किया याद
अपने संबोधन में PM मोदी ने भाजपा के सभी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों को याद करते हुए उनके योगदान की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। यह यात्रा विचार, संघर्ष और राष्ट्रसेवा की मिसाल रही है। उन्होंने आगे कहा कि इस सदी में वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी जैसे नेताओं ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार अपने दम पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। इसके बाद अमित शाह के कार्यकाल में पार्टी ने देश के कई राज्यों में सरकारें बनाईं और संगठन का अभूतपूर्व विस्तार हुआ। PM मोदी ने कहा कि जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से लेकर संसद तक और अधिक सशक्त हुई। उन्होंने सभी पूर्व अध्यक्षों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि आज भाजपा जिस मुकाम पर है, उसमें हर अध्यक्ष और हर कार्यकर्ता की भूमिका रही है।
मैं प्रधानमंत्री से पहले कार्यकर्ता हूं
PM मोदी ने अपने संबोधन का सबसे भावुक और प्रेरणादायक हिस्सा तब रखा, जब उन्होंने खुद को पार्टी का साधारण कार्यकर्ता बताया। उन्होंने कहा, लोगों को लगता होगा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं, 50 साल की उम्र में मुख्यमंत्री बने और 25 साल से सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। यह सब अपनी जगह है, लेकिन मेरे जीवन की सबसे बड़ी पहचान यह है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। उन्होंने कहा कि पार्टी के विषयों पर निर्णय और दिशा तय करने में राष्ट्रीय अध्यक्ष की भूमिका सर्वोपरि होती है। इसी भाव के साथ उन्होंने कहा कि नितिन नबीन उनके ‘बॉस’ हैं, क्योंकि पार्टी में पद से अधिक संगठन और अनुशासन को महत्व दिया जाता है।
भाजपा में रिलेशनशिप की संस्कृति
PM मोदी ने भाजपा की कार्यसंस्कृति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां केवल ‘मेंबरशिप’ नहीं, बल्कि ‘रिलेशनशिप’ की भावना होती है। भाजपा पद से नहीं, प्रक्रिया से चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा, “हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है, लेकिन कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी है।” PM ने यह भी कहा कि भाजपा में अध्यक्ष बदलते हैं, लेकिन आदर्श नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है, लेकिन पार्टी की मूल विचारधारा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की दिशा हमेशा एक जैसी रहती है।
नितिन नबीन को बताया ‘मिलेनियल नेता’
पीएम मोदी ने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को युवा पीढ़ी का प्रतिनिधि बताते हुए उन्हें ‘मिलेनियल’ नेता कहा। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन उस पीढ़ी से आते हैं, जिसने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी बदलावों को करीब से देखा है। PM ने विश्वास जताया कि इस महत्वपूर्ण कालखंड में नितिन नबीन भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे और संगठन को नई ऊर्जा देंगे। उन्होंने कहा कि युवा नेतृत्व के साथ अनुभव का संतुलन भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
PM मोदी के इस संबोधन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। उनका यह संदेश साफ था कि भाजपा में पद चाहे जितना बड़ा हो, कार्यकर्ता होना सबसे बड़ा सम्मान है। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के बयान को संगठनात्मक संस्कृति की असली पहचान बताया। यह समारोह केवल नेतृत्व परिवर्तन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ता आधारित राजनीति का सशक्त संदेश बनकर उभरा।
