‘एक पेड़ माँ के नाम’ से गूंजा मऊ टीकोद, शमशान से आश्रम तक लहराई हरियाली
मनोज कुमार पुष्पत की रिपोर्ट
पडाना – माँ के नाम एक संकल्प और धरती के नाम एक उपहार। जनपद क्षेत्र सारंगपुर की ग्राम पंचायत मऊ टीकोद में मंगलवार को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हरियाली का महायज्ञ रचा गया।ग्राम पंचायत द्वारा चलाए गए इस विशेष पौधारोपण अभियान में शमशान, कब्रिस्तान और संत रविदास आश्रम परिसर को हराभरा करने के लिए करीब 100 छायादार एवं फलदार पौधे धरती की गोद में रोपे गए।कार्यक्रम में पूरे गांव ने एकजुट होकर यह संदेश दिया कि पर्यावरण बचाना ही असली मातृसेवा है।
ग्राम पंचायत मऊ के सरपंच रईस मंसूरी ने कहा कि
“एक पेड़ माँ के नाम सिर्फ एक अभियान नहीं है। यह हमारी आने वाली पीढ़ियों को साफ हवा, ठंडी छाया और फल देने वाला भविष्य देने का वादा है। आज हमने जो पौधे लगाए हैं, कल यही पेड़ हमारे बच्चों की जिंदगी बनेंगे। पंचायत सचिव लाड सिंह कुम्भकार ने कहा कि पंचायत प्रशासन का लक्ष्य हर सार्वजनिक जगह को हरा-भरा करना है। उन्होंने कहा कि शमशान और आश्रम जैसे स्थानों पर वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण बचेगा बल्कि लोगों में आध्यात्मिक शांति भी बढ़ेगी।
इस पुण्य कार्य में जगदीश राजपूत, ओम राजपूत, मुकेश वर्मा, बाबूलाल भिलाला, शाकिर मंसूरी सहित दर्जनों ग्रामीणों ने हाथों में फावड़ा और पौधे लेकर बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं और युवाओं ने भी पौधों में पानी देकर इस अभियान को सफल बनाया।
ग्रामवासियों ने संकल्प लिया कि वे इन पौधों को तब तक सींचेंगे जब तक ये बड़े होकर पूरे गांव को छाया न देने लगें।
