Mumbai–Agra राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण जाम, भेरूघाट पुल पर मरम्मत के चलते 4 जुलाई तक एक लेन बंद, वन-वे ट्रैफिक लागू
कौशिक पण्डित कुशाग्र समाचार सेवा मनावर जिला धार मध्य प्रदेश
धार। Mumbai–Agra राष्ट्रीय राजमार्ग पर मानपुर के भेरूघाट स्थित अजनार नदी पुल पर मरम्मत कार्य के चलते भीषण जाम की स्थिति बन गई है। पुल के एक्सपेंशन जॉइंट में आई दरार की मरम्मत के दौरान एक भारी वाहन द्वारा बैरिकेड तोड़कर गुजर जाने से हाल ही में किया गया सुधार कार्य दोबारा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण एक बार फिर मरम्मत कार्य शुरू करना पड़ा।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने बताया कि प्री-मानसून निरीक्षण के दौरान इस जॉइंट में दरार पाई गई थी, जिसके बाद माइक्रो कंक्रीट से मरम्मत कर बैरिकेडिंग की गई थी। लेकिन एक भारी वाहन के अनियंत्रित होकर वहां से गुजरने के कारण यह हिस्सा फिर से खराब हो गया।
इंजीनियरों के अनुसार माइक्रो कंक्रीट को पूरी तरह मजबूत होने में 3 से 6 दिन का समय लगता है। ऐसे में समय से पहले भारी वाहनों की आवाजाही से पुल के स्लैब को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। इसी कारण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक लेन बंद कर दी गई है और फिलहाल वन-वे ट्रैफिक संचालित किया जा रहा है।

प्रशासन ने मानपुर, धामनोद और किशनगंज पुलिस के साथ NHAI की टीम, क्रेन, एंबुलेंस और रेस्क्यू यूनिट को मौके पर तैनात किया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
यातायात को सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है। इंदौर से आने वाले वाहनों को मानपुर से बगड़ी मार्ग होते हुए निकाला जा रहा है, जबकि कुछ वाहनों को जाम घाट होते हुए महेश्वर की ओर डायवर्ट किया गया है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, क्योंकि यह मरम्मत कार्य यात्रियों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
