सकल जैन समाज का देशव्यापी आक्रोश: पुणे ट्रस्ट संपत्ति विवाद और कुंथलगिरी चोरी पर 50 से अधिक शहरों में ज्ञापन
इंदौर, 27 अक्टूबर 2025:
सकल जैन समाज ने आज देशभर में अपनी दो प्रमुख मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। समाज ने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश समेत 50 से अधिक शहरों में प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए पुणे स्थित ऐतिहासिक ‘सेठ हीराचंद नेमचंद ट्रस्ट’ संपत्ति के कथित अवैध विक्रय और सिद्धक्षेत्र कुंथलगिरी तीर्थ में चोरी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
पुणे ट्रस्ट संपत्ति विवाद:
समाज ने ट्रस्ट के अवैध संपत्ति विक्रय पर तीव्र आक्रोश व्यक्त किया। धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू के अनुसार, ट्रस्ट के विश्वस्त मंडल ने धर्मादाय आयुक्त कार्यालय को झूठी जानकारी देकर 3 एकड़ भूमि का अवैध विक्रय किया। इस संपत्ति पर 65 वर्ष पुराना मंदिर और जैन छात्रावास था। ₹311 करोड़ की भूमि का विक्रय, मुंबई उच्च न्यायालय में मामले लंबित रहने के बावजूद किया गया। समाज ने इस विक्रय को रद्द करने, मंदिर और संपत्ति की पवित्रता बहाल करने, तथा दोषियों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करने की मांग की है।
कुंथलगिरी तीर्थ में चोरी:
महाराष्ट्र के उस्मानाबाद स्थित सिद्धक्षेत्र कुंथलगिरी में 15 चोरों ने 12 लाख नकद और चार प्राचीन पीतल की मूर्तियाँ चोरी कीं। जैन समाज ने सुरक्षा में प्रशासनिक चूक पर तीव्र नाराजगी जताई और तत्काल तीर्थ स्थल सुरक्षा ऑडिट और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन और प्रदर्शन:
विश्व जैन संगठन और राष्ट्रीय जिनशासन एकता संघ के नेतृत्व में ज्ञापन इंदौर से लेकर महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों में दिया गया। प्रमुख शहरों में कानाड, छत्रपति संभाजीनगर, नाशिक, कोल्हापुर, सांगली, सोलापुर, अकलुज, नांदेड़, भोपाल, सागर, शिवपुरी, ग्वालियर, टीकमगढ़, जालना आदि शामिल हैं। मंयक जैन टीके वेद केलाश वेद पारस जैन प्रदीप बड़जात्या आदी समाज जन उपस्थित हुए |
समाज का संकल्प:
समाज ने स्पष्ट किया कि यदि 48 घंटे के भीतर न्याय सुनिश्चित नहीं किया गया, तो यह अहिंसक विरोध आंदोलन और व्यापक रूप ले सकता है।

