माँ नर्मदा के जल से बदलेगी सोनकच्छ की तस्वीर: नर्मदा-कालीसिंध लिंक परियोजना से 20 तालाबों में पहुंचेगा पानी, किसानों को मिलेगी सिंचाई की राहत
विधायक राजेश सोनकर ने अधिकारियों के साथ की बैठक, परियोजना की कार्ययोजना तैयार, पारदर्शिता और गति बनाए रखने के निर्देश
सोनकच्छ। सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। लंबे समय से सिंचाई के पानी की कमी से जूझ रहे क्षेत्र में अब माँ नर्मदा का जल पहुंचाने की तैयारी है। नर्मदा-कालीसिंध लिंक परियोजना फेस-1 और क्षेत्र के 20 तालाबों में जल उपलब्धता सुनिश्चित करने की कार्ययोजना तैयार हो चुकी है।
20 तालाबों में जल उपलब्धता की कार्ययोजना तैयार
क्षेत्र के विकास और किसानों को पानी की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए नर्मदा-कालीसिंध लिंक परियोजना फेस-1 और विधानसभा क्षेत्र के 20 तालाबों में पानी पहुंचाने की पूरी कार्ययोजना और प्रोजेक्ट तैयार बताया गया है।
विधायक राजेश सोनकर ने की अधिकारियों के साथ बैठक
विधायक राजेश सोनकर ने संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विशेष बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना के कार्य में पूरी पारदर्शिता और गतिशीलता रखी जाए, ताकि किसानों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।
किसानों को क्या होगा फायदा
परियोजना पूरी होने पर क्षेत्र के गांवों में सिंचाई की समस्या से राहत की उम्मीद है। खेतों को भरपूर पानी मिलेगा और 20 तालाबों में जल भराव होगा। बताया गया है कि खेतों की सिंचाई और तालाबों में जल उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
(विशेष संवाददाता फूलचंद मालवीय, स्वराज वाणी समाचार, टोंक खुर्द)
