अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिगरुक्षा शेखावत की सुरमई प्रस्तुति
सेलेस्टा इंटरनेशनल कला उत्सव में एबीएसएस स्कूल के विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर
संवाददाता : निलेश मेहता, नागदा
Nagda । नगर की अग्रणी शैक्षणिक संस्था आदित्य बिरला सीनियर सेकेंडरी स्कूल (ABSS) के विद्यार्थियों ने लखनऊ में आयोजित 15वें सेलेस्टा इंटरनेशनल कला उत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नागदा का नाम गौरवान्वित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यालय के आठ विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
आठ विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में लिया हिस्सा
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शिखा मनोज सक्सेना के कुशल मार्गदर्शन तथा संगीत प्रशिक्षक श्री अरुण उपाध्याय, श्री माधव तिवारी, श्रीमती वरलक्ष्मी तल्लुरु एवं श्रीमती ज्योति चतुर्वेदी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं की तैयारी की।
कु. जिगरुक्षा शेखावत, कु. अक्षिता राजावत, कु. हर्षिता जायसवाल, कु. भाग्यश्री देवड़ा, कु. वर्षा गुप्ता, कु. सौम्या सोनी, कु. सौम्या यादव और आरव गुप्ता ने समूह गान, लोक नृत्य, ऑर्केस्ट्रा, कोरियोग्राफी, पाश्चात्य गायन, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी सहित विभिन्न स्पर्धाओं में सहभागिता की।
जिगरुक्षा ने पाश्चात्य गायन में बटोरी सराहना
इन विद्यार्थियों में कु. जिगरुक्षा शेखावत ने पाश्चात्य गायन प्रतियोगिता ‘क्रिसैंडो’ में अपनी विशेष प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने आयोजकों द्वारा चयनित म्यूजिक ट्रैक पर अंग्रेजी भाषा की कठिन गायन शैली में प्रस्तुति दी।
रॉयल स्कूल ऑफ म्यूजिक, लंदन से जुड़े गीत को गुरु श्री अरुण उपाध्याय एवं पं. माधव तिवारी के मार्गदर्शन और अपने अथक परिश्रम से तैयार कर जिगरुक्षा ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनकी मौलिक गायन शैली, आत्मविश्वास और आकर्षक वेशभूषा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के गुरुजनों एवं दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
ऑर्केस्ट्रा और कोरियोग्राफी में भी शानदार योगदान
जिगरुक्षा ने ऑर्केस्ट्रा में मुख्य वादिका के रूप में हारमोनियम वादन करते हुए भी खूब प्रशंसा प्राप्त की। इसके अलावा कोरियोग्राफी और समूह गायन में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा।
50 टीमों और 500 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर संस्था सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लखनऊ द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय कला उत्सव में विभिन्न देशों से आई करीब 50 टीमों और 500 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर ABSS स्कूल के विद्यार्थियों का प्रदर्शन विद्यालय और नागदा के लिए गौरव का विषय रहा।
यह भी उल्लेखनीय है कि एबीएसएस स्कूल नागदा शहर का ऐसा पहला विद्यालय है, जिसके विद्यार्थियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के कला उत्सव में दूसरी बार सहभागिता की है।
विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई
विद्यार्थियों की उपलब्धि पर ग्रेसिम औद्योगिक इकाई प्रमुख शांतनु कुलकर्णी, मानव संसाधन विकास विभाग प्रमुख सुधीर कुमार सिंह एवं संस्था की प्राचार्या श्रीमती शिखा सक्सेना ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के पालकों के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए उनकी उपलब्धि को विद्यालय और नगर के लिए गौरवपूर्ण बताया।
