23 अगस्त को निकलेगी नगर की पारंपरिक 17वीं चुनरी यात्रा, सामाजिक समरसता मंच की बैठक में लिया निर्णय
नागदा से जीवन जी की रिपोर्ट
Nagda । सामाजिक समरसता मंच एवं चुनरी यात्रा आयोजन समिति की बैठक महिदपुर रोड स्थित पंकज नामदेव के प्रतिष्ठान पर आयोजित की गई। बैठक में चुनरी यात्रा की तिथि निर्धारण एवं आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 23 अगस्त 2026, रविवार (एकादशी) के पावन अवसर पर नगर की 17वीं पारंपरिक चुनरी यात्रा भव्य, श्रद्धामय एवं आकर्षक स्वरूप में निकाली जाएगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि यात्रा की तैयारियों के तहत सोमवार को माँ चंबल के पावन तट पर विधि-विधान से कलश स्थापना की जाएगी।
इस दौरान उत्तम वर्षा, क्षेत्र की समृद्धि, किसानों की खुशहाली, भरपूर कृषि उत्पादन तथा वर्षभर पर्याप्त जलापूर्ति की मंगलकामना के साथ विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि 23 अगस्त को बारिश के जल से भगवान शिव का दुग्धाभिषेक एवं जलाभिषेक किया जाएगा। इसके उपरांत माँ चंबल का अभिषेक कर उन्हें श्रद्धापूर्वक चुनरी अर्पित की जाएगी। आयोजन को लेकर नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का वातावरण है।
बैठक में सामाजिक समरसता मंच के संरक्षक गिरधारी सिंह शेखावत, राजेंद्र कांठेड़, गुलजारीलाल त्रिवेदी, पंकज नामदेव, गोपाल सलूजा, हरचरण सिंह चावला, भरत पाटीदार, कमलेश शुक्ला, निलेश मेहता, चेतन नामदेव सहित आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
जानकारी सामाजिक समरस्ता मंच के मीडिया प्रभारी निलेश मेहता ने दी।
