जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में नागदा की श्रेया उपविजेता
संभाग स्तर पर करेंगी जिले का प्रतिनिधित्व, महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता में कोमल और नीता ने भी किया शानदार प्रदर्शन
Nagda । शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उज्जैन में 23 सितंबर 2026 को जिला स्तरीय महिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शासकीय कन्या महाविद्यालय, नागदा की छात्रा श्रिया ररोतिया ने हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया।
श्रेया के प्रदर्शन के बाद अब वह संभाग स्तर पर अपने जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री कृष्ण चंद्र मिश्रा और समस्त स्टाफ ने श्रिया को उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी रचित चौहान ने भी छात्रा के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की भागीदारी से उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी छात्राओं ने लिया हिस्सा
इसी क्रम में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय माधव महाविद्यालय, उज्जैन में 22 सितंबर 2026 को जिला स्तरीय महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शासकीय कन्या महाविद्यालय, नागदा की छात्राओं कोमल और नीता ने भाग लिया।
दोनों छात्राओं ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महाविद्यालय प्रबंधन ने छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना की और उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
महाविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि छात्राओं को शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिला और संभाग स्तर की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
