नागदा मैराथन विजेता कृतज्ञ मीणा का सम्मान
नागदा। हाल ही में नगर में आयोजित मैराथन दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आदित्य बिड़ला स्कूल के कक्षा 10वीं के छात्र कृतज्ञ मीणा को सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में 1500 से अधिक स्कूली विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
कृतज्ञ मीणा को विद्यालय प्रांगण में आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान ग्रेसिम उद्योग समूह के वरिष्ठ सुरक्षा महाप्रबंधक श्री जयंत कुमार दास, विद्यालय प्राचार्य श्री सुनील कुमार तथा उप प्राचार्य श्रीमती ऐश्वर्या सिन्हा ने सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया।
विदित हो कि अगस्त माह में सीबीएसई, भोपाल द्वारा आयोजित प्रादेशिक खेलकूद प्रतियोगिता में भी कृतज्ञ ने अपने साथियों के साथ दौड़ स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया था। इसके साथ ही सितंबर माह में वाराणसी में हुई राष्ट्रीय खेलकूद स्पर्धा में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
अपनी सफलता पर कृतज्ञ मीणा ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय वे अपने माता-पिता, विद्यालय प्राचार्य, उप प्राचार्य, खेल प्रशिक्षक श्री रवींद्र रघुवंशी, सीनियर खिलाड़ी आर्यन नौटियाल तथा विद्यालय परिवार के सभी साथियों की शुभकामनाओं को देते हैं।
(संवाददाता – जीवन लाल जैन, नागदा)

