भाई-बहन के साथ रथ यात्रा लेकर नागदा के भक्तों से मिलने आ रहे हैं भगवान श्री जगन्नाथ
संवाददाता: जीवन लाल जैन
19 जुलाई, भगवान के रथ की सेवा में पलक-पांवड़े बिछाएंगे नगरवासी; संकीर्तन, सेवा, समरसता और स्वच्छता का बनेगा महापर्व
मीडिया से चर्चा कर रथ यात्रा की तैयारियों को दिया अंतिम स्वरूप, नगरभर में संकीर्तन के माध्यम से दिया जा रहा है निमंत्रण
Nagda। “सब लोग पुरी नहीं जा सकते, इसलिए भगवान श्री जगन्नाथ स्वयं अपने भक्तों से मिलने आपके नगर आ रहे हैं।” इसी भाव को साकार करते हुए श्री जगन्नाथ महोत्सव के अंतर्गत 19 जुलाई को इस्कॉन नागदा एवं इस्कॉन उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई श्री बलभद्र एवं बहन देवी सुभद्रा की भव्य एवं विशाल रथ यात्रा तृतीय वर्ष में निकाली जाएगी। विगत दो वर्षों में ऐतिहासिक जनसहभागिता के बाद इस बार भी पूरे नगर के सहयोग से रथ यात्रा को और अधिक दिव्य, भव्य एवं जन-जन की सहभागिता वाला स्वरूप दिया जा रहा है।
रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर बुधवार को आदि गौड़ ब्राह्मण समाज धर्मशाला में श्री जगन्नाथ रथ यात्रा आयोजन समिति द्वारा नगर के गणमान्य पत्रकारों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, यातायात, सेवा कार्यों एवं संपूर्ण आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई तथा मीडिया के माध्यम से अधिकाधिक श्रद्धालुओं तक रथ यात्रा का संदेश पहुंचाने का आग्रह किया गया।
समिति के श्री राकेश यादव एवं श्री मुकेश डोडिया ने संयुक्त रूप से बताया कि इस वर्ष रथ यात्रा को वृहद स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। नगर के प्रत्येक क्षेत्र में संकीर्तन यात्राओं के माध्यम से आमंत्रण दिया जा रहा है। विभिन्न हिन्दू संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, महिला मंडलों एवं मातृशक्ति को इस आयोजन से जोड़ा गया है, जिससे यह रथ यात्रा पूरे नगर का उत्सव बन सके।
उन्होंने बताया कि इस्कॉन उज्जैन के कृष्ण भावना अमृत संघ के कोऑर्डिनेटर सुधीर गोर प्रभु एवं इस्कॉन उज्जैन की संकीर्तन मंडली ढोल, मृदंग, झांझ और ताशों के साथ “हरे कृष्ण-हरे राम” महामंत्र का संकीर्तन करते हुए पूरे नगर को भक्तिरस में सराबोर कर देगी।

समिति के ओमप्रकाश चौहान एवं यशस्वी चौबे ने रूट चार्ट की जानकारी देते हुए बताया कि रथ यात्रा 19 जुलाई को दोपहर 2 बजे कृषि उपज मंडी से प्रारंभ होकर महात्मा गांधी मार्ग, जवाहर मार्ग एवं महिदपुर रोड होते हुए ज्योतिषी गार्डन पहुंचेगी, जहां सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
यात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ के रथ के साथ राधा-कृष्ण की सजीव झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक सांस्कृतिक वेशभूषा में सहभागिता करेंगे। बंगाली समाज अपने पारंपरिक परिधानों एवं वाद्ययंत्रों के साथ बांग्ला संकीर्तन करते हुए भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी का गुणगान करेगा। इस्कॉन की मंडली के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु सफेद धोती-कुर्ता एवं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे। मातृशक्ति लाल चुनरी एवं पारंपरिक परिधानों में भजन-कीर्तन करते हुए भगवान की अगवानी करेगी, जबकि संपूर्ण यात्रा मार्ग भगवा एवं लाल ध्वजों से आच्छादित रहेगा।
मीडिया प्रभारी नितेश मेहता ने बताया, यात्रा के दौरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा दल एवं कचरा संग्रहण वाहन भी यात्रा के साथ चलेंगे। स्वागत स्थलों पर होने वाले कचरे का तत्काल संग्रहण कर नगरवासियों को “स्वच्छता भी सेवा है” का संदेश दिया जाएगा। इस प्रकार श्री जगन्नाथ रथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का उत्सव ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, सेवा, सामाजिक एकता, समरसता और सांस्कृतिक गौरव का अद्वितीय महापर्व बनेगी।

बैठक के उपरांत आयोजन समिति ने पुलिस प्रशासन से भेंट कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक चर्चा की। इसके बाद इस्कॉन परिवार एवं आयोजन समिति द्वारा संकीर्तन किया गया।
बैठक में निलेश मेहता, शंकर (पप्पू) प्रजापत, सोमदेव पाल, राकेश शर्मा, पुरुषोत्तम पुरोहित एवं पुरुषोत्तम सारस्वत उपस्थित रहे। मीडिया बैठक में प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक चौहान, सलीम खान, राजेश रघुवंशी, राशिद खान, चेतन नामदेव, जितेंद्र चौहान, पवन जाट, बंटी जाटिया, दिनेश मंडोरा, रवि रघुवंशी, महेश कच्छावा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
आयोजन समिति ने नगरवासियों से आग्रह किया है कि वे परिवार सहित रथ यात्रा में सम्मिलित होकर भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के दर्शन करें, रथ की सेवा का पुण्य लाभ प्राप्त करें तथा एकता, समरसता, सेवा और भक्ति के इस महोत्सव को ऐतिहासिक बनाएँ।
