आंगनवाड़ी केंद्रों पर बाल चौपाल और पोषण प्रदर्शनी का आयोजन
गीत, कहानी और खेलों के माध्यम से बच्चों ने सीखी अच्छी आदतें, पोषण शपथ भी दिलाई
Nagda । महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर जागरूकता एवं पोषण संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगल दिवस के तहत बाल चौपाल और पोषण प्रदर्शनी आयोजित की गई। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों और समुदाय के लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
बाल चौपाल में बच्चों ने उत्साह से लिया भाग
मिशन नीव कार्यक्रम के जिला समन्वयक लोकेन्द्र तंवर ने बताया कि जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेश त्रिपाठी एवं परियोजना अधिकारी मुकेश वर्मा के मार्गदर्शन में सेक्टर-3 के वार्ड क्रमांक 23 स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर बाल चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तृप्ति गुजर और सहायिका ज्योति परमार द्वारा सितंबर माह में जन्मदिन वाले बच्चों का जन्मदिवस मनाया गया।
बाल चौपाल के दौरान बच्चों ने गीत, खेल, कहानी और कविता सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अच्छी आदतों, स्वच्छता और दैनिक जीवन में अनुशासन का महत्व समझाया गया। बच्चों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया।
पोषण प्रदर्शनी के माध्यम से जागरूकता
इसी क्रम में सेक्टर-2 के वार्ड क्रमांक 14 और 15 स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों पर पर्यवेक्षक टीना बैरागी की उपस्थिति में पोषण प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी के माध्यम से समुदाय के लोगों को दैनिक आहार में पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य सामग्री शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देते हुए “सही पोषण, देश रोशन” का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उचित पोषण की आवश्यकता के बारे में भी बताया गया।
दिलाई गई पोषण शपथ
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बच्चों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और समुदाय के सदस्यों को पोषण शपथ दिलाई गई। इस दौरान सभी ने पौष्टिक आहार अपनाने, स्वच्छता का ध्यान रखने और पोषण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सपना जायसवाल, संगीता चौहान, तुलसी नागवंशी, निर्मला गुप्ता और अनीता सोलंकी सहित सहायिका सावित्री मीणा, सुनीता मीणा, माया परिहार, ज्योति यादव और रीना वर्मा मौजूद रहीं। इसके अलावा अभिभावक माताओं में साधना शर्मा, सुगना, पिंकी, तन्नू, पदमा और शिप्रा सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
