नगर पालिका परिषद की अपील: नवरात्रि पर्व में गरबा पंडालों व माता मंदिर मार्गों के समीप मांस-अंडे की दुकानें न लगाएँ
नागदा (निप्र)। शक्ति और भक्ति का महापर्व नवरात्रि उत्साह और श्रद्धा के साथ आरंभ हो चुका है। इन पावन दिनों में नगरभर के माता मंदिरों और गरबा पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता की उपासना और गरबा महोत्सव में सम्मिलित हो रहे हैं। वातावरण की पवित्रता एवं श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद ने एक महत्वपूर्ण अपील जारी की है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती संतोष गहलोत के निर्देशानुसार अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री ओ.पी. गहलोत ने नगर के सभी मांस एवं अंडा विक्रेताओं से आग्रह किया है कि वे अपनी दुकानें गरबा पंडालों, प्रमुख मार्गों और माता मंदिरों के आसपास संचालित न करें। परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि लाइसेंसधारी व्यवसायी अपने प्रतिष्ठान अन्य उपयुक्त स्थलों पर पर्दे या आड़ लगाकर संचालित कर सकते हैं।
विशेष रूप से माँ चामुंडा माता मंदिर जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित दुकानदारों से अपील की गई है कि वे अपनी दुकानें स्थानांतरित कर श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करें। नगर पालिका द्वारा इस संबंध में सूचना पत्र जारी कर अतिक्रमण टीम के माध्यम से दुकानदारों को सचेत भी कर दिया गया है।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री सुभाषचंद शर्मा, पार्षदगण श्री प्रकाश जैन, श्री बिट्टू यादव, श्री सुभाष रावल, श्री योगेश मीणा, श्री हिम्मत राठौर, श्री दीपक जैन, श्री पवन भारती एवं श्री प्रहलाद रघुवंशी उपस्थित रहे।
जानकारी नगर मंडल के मीडिया प्रभारी निलेश मेहता द्वारा दी गई।
संवाददाता: जीवन लाल जैन, नागदा

