बिना अनुमति सीसी रोड की खुदाई पर नगर पालिका की कार्रवाई, गैस कंपनी का काम रुकवाया
पवन धाकड़ जावरा
जावरा शहर में Gas पाइप लाइन बिछाने और मरम्मत कार्य के नाम पर विभिन्न स्थानों पर सड़कों की खुदाई किए जाने के मामले में सोमवार को नगर पालिका ने सख्त कार्रवाई की। खाचरोद नाका स्थित गीता भवन के पास गैस कंपनी की टीम बिना अनुमति नई बनी सीसी रोड की खुदाई करने पहुंची, जिसकी सूचना मिलते ही पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया मौके पर पहुंचे और कार्य रुकवाते हुए नगर पालिका अधिकारियों को अवगत कराया।
सूचना मिलने पर नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और बिना अनुमति सड़क खोदने के मामले में पंचनामा तैयार किया। अधिकारियों ने तत्काल खुदाई का कार्य बंद करवाया तथा खुदाई में उपयोग की जा रही मशीनरी को भी जब्त करने की कार्रवाई की।

पार्षद प्रतिनिधि दशरथ कसानिया ने बताया कि गैस कंपनी द्वारा शहर के कई क्षेत्रों में मनमाने ढंग से सड़कें खोदी जा रही हैं। कई स्थानों पर खुदाई के बाद सड़क की समुचित मरम्मत भी नहीं की जाती, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि गीता भवन के पास हाल ही में नई सीसी रोड का निर्माण हुआ है और उसी सड़क को बिना अनुमति खोदने का प्रयास किया गया।
उन्होंने मांग की कि गैस कंपनी को सड़क खुदाई से पहले संबंधित विभाग से विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य किया जाए तथा नियमों का पालन करते हुए ही कार्य किया जाए, ताकि सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचे और शहरवासियों को असुविधा का सामना न करना पड़े। नगर पालिका की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना अनुमति सड़क खुदाई करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।
