MPPSC Result 2024: इंदौर की हर्षिता दवे ने रचा इतिहास, टॉप 5 में जगह बनाकर हासिल किया डिप्टी कलेक्टर का सपना
भोपाल। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने शुक्रवार को राज्य सेवा परीक्षा 2024 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया। इस बार रिजल्ट ने कई नई कहानियां गढ़ी हैं। श्योपुर के देवांशु शिवहरे टॉपर बने, जबकि इंदौर की हर्षिता दवे ने लड़कों के बीच जगह बनाते हुए टॉप 5 में शानदार प्रदर्शन किया। खास बात यह है कि हर्षिता महिला वर्ग में पहले स्थान पर रहीं और अब उनका डिप्टी कलेक्टर बनने का सपना पूरा होने जा रहा है।
22 साल की उम्र में बड़ी उपलब्धि
सिर्फ 22 साल की उम्र में हर्षिता दवे ने यह मुकाम हासिल कर दिखाया है। उन्होंने BA और MA की पढ़ाई की है और यह उनका दूसरा अटेंप्ट था। साल 2023 में उन्होंने केवल प्री परीक्षा दी थी, लेकिन इस बार मेन्स और इंटरव्यू दोनों क्लियर करके टॉपर लिस्ट में 5वां स्थान हासिल किया।
पिता साहित्य अकादमी डायरेक्टर, मां स्कूल टीचर
हर्षिता के पिता डॉ. विकास दवे साहित्य अकादमी के डायरेक्टर हैं, जबकि मां प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं। पिता के अनुसार हर्षिता रोज़ाना 12 से 14 घंटे तक पढ़ाई करती थीं। बचपन से ही वे पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी आगे रहती थीं।
टॉपर बने श्योपुर के देवांशु
इस बार परीक्षा में देवांशु शिवहरे (श्योपुर) ने 953 अंकों के साथ टॉप किया। यह उनका चौथा प्रयास था। दूसरे स्थान पर सागर जिले के देवरी के ऋषभ अवस्थी (945.50 अंक) रहे, जिन्होंने पहली बार में ही सफलता हासिल की।
अक्टूबर 2024 में हुई थी मुख्य परीक्षा
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 21 से 26 अक्टूबर 2024 के बीच आयोजित हुई थी। इस बार परीक्षा केवल 110 पदों के लिए हुई थी। ओबीसी आरक्षण विवाद के चलते आयोग ने फिलहाल 87% यानी 102 पदों का रिजल्ट जारी किया है।
टॉप 13 चयनित अभ्यर्थियों की सूची
1️⃣ देवांशु शिवहरे – 953 अंक
2️⃣ ऋषभ अवस्थी – 945.50 अंक
3️⃣ अंकित – 942 अंक
4️⃣ शुभम – 913 अंक
5️⃣ हर्षिता दवे – 893.75 अंक
6️⃣ रुचि जाट – 891 अंक
7️⃣ नम्रता जैन – 890 अंक
8️⃣ गिरिराज परिहार – 859.75 अंक
9️⃣ स्वर्णा दिवान – 833.75 अंक
🔟 विक्रमदेव सरयम – 765.50 अंक
1️⃣1️⃣ शिवानी सिरमचे – 761.50 अंक
1️⃣2️⃣ जतिन ठाकुर – 759.75 अंक
1️⃣3️⃣ हिमांशु सोनी – 716 अंक

