सीएम मोहन यादव करेंगे एमपी ट्रैवल मार्ट 2025 का भव्य उद्घाटन: मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा नया आयाम
भोपाल — शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में एमपी ट्रैवल मार्ट 2025 (MPTM 2025) का भव्य उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य के संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास राज्यमंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी करेंगे।
पर्यटन निवेश और साझेदारी की दिशा में मंथन
उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव आमंत्रित प्रतिनिधियों के साथ वन-ऑन-वन बैठकों में मध्यप्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में निवेश एवं सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) अवसरों पर विचार-विनिमय करेंगे। इसी दिन भारत भवन में राज्य की पर्यटन विभाग और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे। इस समझौते का लक्ष्य है कि राज्य में ASI संरक्षित स्मारकों के आसपास की अधोसंरचना और पर्यटन सुविधाओं का विकास हो।
अंतरराष्ट्रीय और घरेलू भागीदारी
इस आयोजन में इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर (IATO) के अध्यक्ष रवि गोसाईं सहित, अभिनेता रघुवीर यादव, प्रवीण शाह (हर्षिल टूर एंड ट्रैवल्स) और प्रवीण चंदर कुमार (IHCL) तथा मिशेल इमेलमेन (क्यूरियस जर्नी) की उपस्थिति रहेगी।
उम्मीद है कि 27 देशों से 100 से अधिक विदेशी टूर ऑपरेटर और 150 घरेलू टूर ऑपरेटर और 355 सेलर्स इस ट्रैवल मार्ट में भाग लेंगे।
पर्यटन अधोसंरचना को नए रूप में सजाया जाएगा
मुख्यमंत्री मोहन यादव इस अवसर पर रायसेन जिले में एक गोल्फ कोर्स और खंडवा जिले में वेलनेस रिसॉर्ट के लिए निवेशक विनायक कालानी को लेटर्स ऑफ अवॉर्ड सौंपेंगे। साथ ही, पर्यटन क्षेत्र में और सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए कर्ली टेल्स, बालाजी टेलीफिल्म्स और अटावी बर्ड फाउंडेशन के साथ एमओयू किए जाएंगे।
“फिल्म पर्यटन नीति” और टेंट सिटी की पहल
इस अवसर पर मध्यप्रदेश की फिल्म पर्यटन नीति के प्रभाव का आकलन रिपोर्ट जारी की जाएगी। इसके साथ ही हनुवंतिया, मांडू और तामिया में टेंट सिटी (आवासीय सुविधाएँ) स्थापित करने के लिए लेटर ऑफ अवॉर्ड दिये जाएंगे।
ओरछा में टेंट सिटी संचालन का दायित्व आगमन संस्था को सौंपा जाएगा। इसके अतिरिक्त, हेलीकॉप्टर सेवाओं को संचालित करने के लिए जेट सर्व एविएशन प्रा. लि. और ट्रांस भारत एविएशन प्रा. लि. को लेटर ऑफ अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा।
