नागदा: मोहन श्री फाउंडेशन ने बच्ची तनीषा का जन्मदिन मनाकर दिया नया जीवन
नागदा (जिला उज्जैन)।
मोहन श्री फाउंडेशन द्वारा गोद ली गई मासूम बच्ची तनीषा का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। तनीषा मूलतः ताल की रहने वाली है। उसकी मां बच्चों को छोड़कर किसी और के साथ चली गई थी और पिता आर्थिक रूप से इतने सक्षम नहीं थे कि अकेले दोनों बच्चों की परवरिश कर सकें।
कुछ समय पहले तनीषा के पिता दोनों बच्चों को लेकर मोहन श्री फाउंडेशन पहुँचे। बच्चों की दयनीय स्थिति देखकर फाउंडेशन ने उनका जीवन संवारने की जिम्मेदारी उठाई। अब तनीषा फाउंडेशन के संरक्षण में सुरक्षित और खुशहाल जीवन जी रही है।
तनीषा की देखभाल की सम्पूर्ण जिम्मेदारी
मोहन श्री फाउंडेशन ने निर्णय लिया है कि तनीषा की 21 वर्ष की आयु पूरी होने तक उसकी सम्पूर्ण परवरिश और शिक्षा की जिम्मेदारी फाउंडेशन ही उठाएगा। तनीषा की मासूम बातें हर किसी का दिल छू लेती हैं। जब भी कोई उनसे मिलने जाता है तो वह बड़ी मासूमियत से पूछती है – “पापा, मैं कैसी लग रही हूँ? अच्छी लग रही हूँ ना?”
मोहन श्री फाउंडेशन का संकल्प
मोहन श्री फाउंडेशन (नागदा, जिला उज्जैन) स्व. मोहनलाल जी राठी की स्मृति में राठी परिवार द्वारा संचालित है। यह संस्था बिना किसी शासकीय या बाहरी सहायता के ऐसे बच्चों की जिम्मेदारी उठाती है, जिनकी मां नहीं है, या माता-पिता दोनों नहीं हैं, और जिन्हें रिश्तेदारों द्वारा प्रताड़ित किया जाता है या जिनका मासूम बचपन किसी तरह से कुचला जा रहा है।
संस्था का संकल्प है कि ऐसे बच्चों को गोद लेकर उन्हें 21 वर्ष की आयु तक सुरक्षित, शिक्षित और सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जाएगा।
संपर्क करें
यदि आपके आस-पास भी ऐसा कोई बच्चा है जो माता-पिता के बिना है और मदद की जरूरत है, तो कृपया मोहन श्री फाउंडेशन से संपर्क करें।
📞 98270 86137
मोहन श्री फाउंडेशन, नागदा जिला उज्जैन
