इंदौर में मोहन भागवत करेंगे प्रहलाद पटेल की किताब का लोकार्पण, बिना प्रचार-प्रसार का खास आयोजन
इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत 14 सितंबर को इंदौर पहुंच रहे हैं। इस बार उनकी यात्रा का उद्देश्य राजनीति से अलग है। वे मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री और बीजेपी नेता प्रहलाद पटेल की नर्मदा परिक्रमा पर आधारित पुस्तक का लोकार्पण करेंगे।
बिना होर्डिंग और बैनर का आयोजन
कार्यक्रम को लेकर भाजपा और संघ हलकों में तरह-तरह की चर्चाएँ हो रही हैं। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या इससे प्रहलाद पटेल का राजनीतिक कद बढ़ेगा? हालांकि मंत्री पटेल ने इन अटकलों को खारिज करते हुए साफ कहा कि उनका कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। उन्होंने कहा—
“मेरी इतनी हैसियत नहीं कि मैं मोहन भागवत जी से निवेदन करूं। मैंने बस उन्हें अपनी किताब पढ़ने के लिए भेजी थी। शायद उन्हें पसंद आई और फिर संघ मुख्यालय नागपुर से फोन आया कि भागवत जी खुद लोकार्पण करेंगे।”
मंच पर भी नहीं बैठेंगे पटेल
प्रहलाद पटेल ने स्पष्ट किया कि वे इस आयोजन का राजनीतिक लाभ नहीं लेना चाहते। यही वजह है कि न तो शहर में बैनर-होर्डिंग लगे हैं और न ही प्रचार अभियान चलाया गया। यहां तक कि वे कार्यक्रम के मंच पर भी नहीं बैठेंगे।
1500 लोगों की मौजूदगी
यह आयोजन ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर, इंदौर में होगा, जिसमें लगभग 1500 लोग शामिल होंगे। इनमें 750 लोग पटेल की विधानसभा क्षेत्र नरसिंहपुर से आएंगे। इसके अलावा संघ और भाजपा कार्यकर्ता तथा मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
30 साल पहले लिखी थी किताब
मंत्री पटेल ने बताया कि उन्होंने यह पुस्तक 1995 में नर्मदा परिक्रमा पूरी करने के बाद लिख दी थी। हालांकि तब इसे प्रकाशित नहीं कराया। “मैंने 30 साल पहले नर्मदा परिक्रमा की थी। बाद में दोबारा गया तो बहुत बदलाव देखने को मिले। कई स्थान तो वैसे मिले ही नहीं जैसे पहले थे।”
सौभाग्य मानते हैं अवसर
प्रहलाद पटेल का कहना है कि आज भी उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि संघ प्रमुख उनके हाथों उनकी पुस्तक का विमोचन करेंगे। “यह मेरे लिए सौभाग्य और मां नर्मदा की कृपा है।”

