Amit Shah और Rajnath Singh को मिली बड़ी जिम्मेदारी, मोदी सरकार ने बनाए दो नए मंत्री समूह
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने आर्थिक और सामाजिक सुधारों को तेज़ करने के लिए दो नए अनौपचारिक मंत्री समूह (Ministerial Groups) का गठन किया है। इन समूहों का नेतृत्व गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे।
अमित शाह को मिला इकोनॉमी सेक्टर का जिम्मा
सरकार ने अमित शाह को आर्थिक सुधार समूह की कमान सौंपी है। इस 13-सदस्यीय समूह में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी शामिल हैं। इसका संयोजन रेल एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव करेंगे।
➡️ यह समूह वित्त, उद्योग, वाणिज्य, अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और आर्थिक नीतियों से जुड़े सुधारों पर एजेंडा तैयार करेगा।
राजनाथ सिंह संभालेंगे सामाजिक कल्याण सुधार समूह
वहीं राजनाथ सिंह को सामाजिक सुधारों से जुड़े 18-सदस्यीय मंत्री समूह की जिम्मेदारी दी गई है। इसमें नितिन गडकरी, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया को संयोजक की भूमिका दी गई है।
➡️ यह समूह शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्षा, कौशल विकास, आवास, श्रम कानून, जन स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण योजनाओं में सुधार के अवसरों पर काम करेगा।
पीएम मोदी के स्वतंत्रता दिवस भाषण के बाद बना समूह
इन मंत्री समूहों का गठन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन के बाद हुआ है। पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा था कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए नियम-कानून और नीतियों को वैश्विक परिप्रेक्ष्य के हिसाब से बदलने की ज़रूरत है।
सरकार ने निर्देश दिया है कि ये समूह हर महीने प्रगति रिपोर्ट देंगे और तीन महीने के भीतर समेकित सुधार रोडमैप प्रस्तुत करेंगे। इसके लिए वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों का विभाग तकनीकी सहयोग देगा।

