मिस यूनिवर्स 2025 का फाइनल कार्यक्रम समाप्त हुआ और मेक्सिको की फातिमा बॉश ने ताज अपने नाम कर लिया। उन्हें 2024 की मिस यूनिवर्स, डेनमार्क की विक्टोरिया केजर थेलविग ने ताज पहनाया। जैसे ही फातिमा बॉश का नाम फाइनल में घोषित हुआ, हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस साल का मुकाबला काफी ड्रैमैटिक, विवादित और अनोखा रहा।
पाकिस्तानी प्रतिभागी रोमा रियाज बनी चर्चा का विषय
इस बार कई मुस्लिम देशों की सुंदरियां भी मिस यूनिवर्स में शामिल हुईं, जिनमें पाकिस्तान, फिलीस्तीन और यूएई शामिल थे। सबसे ज्यादा चर्चा पाकिस्तान की रोमा रियाज की हुई, जिन्हें उनके रंग-रूप और लुक के कारण पाकिस्तान में आलोचना झेलनी पड़ी।
स्विमसूट राउंड में रोमा ने आइवरी कलर का स्विमसूट पहना और अपनी ड्रेस के पीछे नेट दुपट्टा अटैच किया। कुछ लोगों ने इस लुक की आलोचना की, जबकि कई ने इसकी तारीफ भी की।
ईवनिंग गाउन राउंड में उन्होंने काला शोल्डरलेस गाउन पहना, जिस पर क्रिस्टल का क्रॉस बना था। यह क्रॉस पाकिस्तान के ईसाई समुदाय का प्रतिनिधित्व करता है। रोमा ने इसे पाकिस्तान के अल्पसंख्यक समुदाय को समर्पित किया और स्टेज पर नमस्ते और क्रॉस दिखाकर सम्मान प्रकट किया।
रोमा ने गाउन के पीछे का संदेश साझा किया
रोमा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि उनका उद्देश्य पाकिस्तान के सभी समुदायों जैसे मुस्लिम, हिंदू, ईसाई और सिख के लिए समान सम्मान और सुरक्षा का संदेश देना था। उन्होंने अपने गाउन को “लव लेटर” बताया और इसे उन लोगों को समर्पित किया, जिन्हें हमेशा कमतर माना गया।
हालांकि, कुछ लोगों ने आलोचना की कि उनका गाउन केवल ईसाई समुदाय का प्रतिनिधित्व कर रहा है, पूरे पाकिस्तान का नहीं।
