—Advertisement—

Balipur में सिर्वी महासभा की प्रदेश स्तरीय संयुक्त बैठक, समाजहित के मुद्दों पर हुआ मंथन

Author Picture
Published On: 31 August 2026
Balipur

—Advertisement—

 

Balipur में सिर्वी महासभा की प्रदेश स्तरीय संयुक्त बैठक सम्पन्न

भादवी बीज महोत्सव, शिक्षा सहायता कोष और इंदौर हॉस्टल निर्माण को लेकर हुआ मंथन

Balipur /मनावर। अखिल भारतीय सिर्वी महासभा मध्यप्रदेश, महिला संगठन एवं युवा संगठन की प्रदेश स्तरीय संयुक्त बैठक रविवार को सिर्वी समाज धर्मशाला बालीपुर में आयोजित की गई। बैठक में समाज की एकता और संगठन को मजबूत करने के साथ शिक्षा के विस्तार, जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए शिक्षा सहायता कोष को प्रभावी बनाने तथा इंदौर में प्रस्तावित समाज के हॉस्टल निर्माण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए महासभा के प्रांतीय अध्यक्ष कांतिलाल गेहलोत ने कहा कि श्री आई माताजी का प्रकटोत्सव भादवी बीज महोत्सव 13 सितंबर को मध्यप्रदेश के प्रत्येक गांव में एक साथ पारंपरिक और गरिमामय वातावरण में मनाया जाना चाहिए। उन्होंने समाजजनों से महोत्सव को व्यापक रूप से आयोजित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भादवी बीज महोत्सव के दौरान प्रत्येक गांव में किसी बुजुर्ग अथवा समाजसेवी का सम्मान किया जाए। इससे समाज की नई पीढ़ी को सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता की प्रेरणा मिलेगी तथा समाज की गौरवशाली परंपराओं से युवा पीढ़ी का जुड़ाव भी मजबूत होगा।

इंदौर हॉस्टल निर्माण के लिए समिति गठित

बैठक में इंदौर में प्रस्तावित सिर्वी समाज हॉस्टल निर्माण को लेकर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। प्रांतीय अध्यक्ष कांतिलाल गेहलोत ने कहा कि समाज के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में हॉस्टल निर्माण एक महत्वपूर्ण परियोजना है।

हॉस्टल निर्माण की आवश्यकता, संभावित स्वरूप, संसाधन, व्यवस्थाओं एवं अन्य आवश्यक पहलुओं का अध्ययन करने के लिए बैठक में एक समिति का गठन किया गया। समिति में प्रांतीय अध्यक्ष कांतिलाल गेहलोत, महासचिव देवेन्द्र सतपुड़ा, भगवान चौधरी लोनसरा, पृथ्वीसिंह सोलंकी कोदलाखेड़ी, नरेन्द्र सिर्वी कुक्षी, डॉ. दिनेश सतपुड़ा राजगढ़, शांतिलाल काग रायपुरिया, दीपालाल सोलंकी इंदौर, दशरथ सिंधराज बदनावर, रामनारायण परिहार पुंजापुरा, डॉ. रंजना चौहान रतलाम तथा दिनेश गेहलोत उज्जैन को शामिल किया गया है।

समिति हॉस्टल से जुड़े विभिन्न विषयों का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट महासभा के समक्ष प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी।

WhatsApp Image 2026 08 31 at 3.19.29 AM

शिक्षा सहायता कोष को मजबूत करने पर जोर

बैठक में समाज के विद्यार्थियों की शिक्षा से जुड़े विषयों पर भी गंभीर चर्चा हुई। प्रदेश शिक्षा सचिव नरेन्द्र सिर्वी ने शिक्षा एवं सहायता कोष का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।

प्रांतीय अध्यक्ष गेहलोत ने कहा कि शिक्षा सहायता कोष समाज की अमूल्य निधि है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा प्राप्त करने में सहायता उपलब्ध कराना और उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना है। उन्होंने कोष को और अधिक मजबूत बनाने तथा इसके उपयोग में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। आर्थिक कारणों से किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए समाज को सामूहिक रूप से प्रयास करना चाहिए।

पूजन-अर्चन के साथ बैठक का शुभारंभ

बैठक का शुभारंभ केंद्रीय समिति सदस्य एवं पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष मनोहरलाल मुकाती, डॉ. जया मुकाती, वरिष्ठ समाजसेवी भगवान चौधरी, प्रांतीय अध्यक्ष कांतिलाल गेहलोत, उपाध्यक्ष राधेश्याम मुकाती, महिला संगठन की प्रांतीय अध्यक्ष ललिता पंवार, युवा संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष लखन काग तथा बालीपुर नगर इकाई अध्यक्ष लक्ष्मण सोलंकी ने श्री आई माताजी एवं बालीपुर बाबाजी के चित्र का पूजन-अर्चन एवं आरती कर किया।

सिर्वी समाज सकल पंच समिति बालीपुर की ओर से उपस्थित अतिथियों का साफा बांधकर स्वागत किया गया। प्रांतीय उपाध्यक्ष राधेश्याम मुकाती ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बैठक के उद्देश्यों और समाजहित से जुड़े विषयों पर प्रकाश डाला।

WhatsApp Image 2026 08 31 at 3.19.30 AM

पदाधिकारियों ने रखे महत्वपूर्ण सुझाव

बैठक में केंद्रीय समिति सदस्य मनोहरलाल मुकाती, शांतिलाल काग, वर्दीचन्द चोयल, उज्जैन ट्रस्ट महासचिव पृथ्वीसिंह सोलंकी, प्रांतीय उपाध्यक्ष बाबूलाल मुलेवा, गोरक्षा एवं पर्यावरण सचिव शोभाराम चौधरी, बड़वानी जिलाध्यक्ष हीरालाल देवड़ा, देवास जिलाध्यक्ष रामनारायण परिहार, झाबुआ जिलाध्यक्ष योगेश सेप्टा, बदनावर-मालवा जिलाध्यक्ष दशरथ सिंधराज तथा धार-निमाड़ जिला महासचिव नारायण काग सहित अनेक पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे।

महिला संगठन की ओर से प्रांतीय संरक्षक मिश्री देवी चौधरी, केंद्रीय समिति सदस्य डॉ. जया मुकाती, अध्यक्ष ललिता पंवार, रतलाम जिलाध्यक्ष डॉ. रंजना चौहान, धार-निमाड़ जिलाध्यक्ष रेखा सेप्टा एवं महासचिव यशोदा परमार ने विचार रखे।

युवा संगठन की ओर से प्रांतीय महासचिव जितेन्द्र लछेटा तथा धार-निमाड़ जिलाध्यक्ष सुनील सेप्टा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी आगामी कार्यक्रमों और युवाओं की भूमिका को लेकर सुझाव प्रस्तुत किए।

बैठक में आगामी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की कार्ययोजना, भादवी बीज महोत्सव की तैयारियों, शिक्षा सहायता कोष को मजबूत करने और इंदौर हॉस्टल निर्माण सहित विभिन्न समाजहितैषी विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।

समाज की एकता और नई पीढ़ी को जोड़ने पर जोर

बैठक में वक्ताओं ने समाज की एकता को मजबूत करने तथा नई पीढ़ी को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

भादवी बीज महोत्सव को गांव-गांव में एक साथ मनाने का निर्णय भी समाज की एकजुटता को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण कदम माना गया। आयोजन के माध्यम से समाज की परंपरा, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक का संचालन प्रांतीय महासचिव देवेन्द्र सतपुड़ा ने किया तथा आभार धार-निमाड़ युवा संगठन जिला महासचिव हरीश लछेटा ने माना।

बैठक में केंद्रीय समिति सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, महिला एवं युवा संगठन के पदाधिकारी, जिला एवं तहसील इकाइयों के प्रतिनिधि तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बालीपुर सिर्वी समाज सकल पंच समिति एवं युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

WhatsApp Image 2026 08 31 at 3.19.29 AM 1

कुमकुम सोनी स्वराज वाणी न्यूज मे कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत है। इन्होंने स्नातक पत्रकारिता एवं जनसंचार से की है। यह विशेषतः राजनीति एवं भू-राजनीति से जुड़े मुद्दों का गहन विशलेषण कर सरल भाषा में आम जनता के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रयास करती है।… Read More

Related News
Breaking News हमेशा आपके पास

SwarajVani App Install करें

Latest India News & Breaking Updates — सीधे Home Screen पर

Offline पढ़ें Breaking Alerts बिल्कुल Free
SwarajVani को iPhone पर install करें:
📤 Share बटन दबाएं → "Add to Home Screen" select करें
Home
Web Stories
Instagram
WhatsApp