मांडव कराते लीग सीजन-3 में राजगढ़ की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल जीते। चार खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय थांग-ता प्रतियोगिता के लिए भी चयन हुआ।
मांडव कराते लीग सीजन-3 में राजगढ़ की बालिकाओं का स्वर्णिम प्रदर्शन
दैनिक स्वराज वाणी
महेश कुमार वर्मा, सरदारपुर तहसील संवाददाता
मांडव (धार)।
धार जिला कराते एसोसिएशन द्वारा मांडव हिल्स रिसोर्ट में आयोजित मांडव कराते लीग सीजन-3 में सेल्फ डिफेंस एंड मार्शल आर्ट्स एकेडमी, राजगढ़ की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। प्रतियोगिता के समापन समारोह में धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में प्रियंका लिंबोदिया ने काता और कुमिते दोनों इवेंट में गोल्ड मेडल जीते। वहीं जिज्ञासा राठौड़, ध्वनि सोलंकी, माया शाही और तृप्ति खिमुर ने भी गोल्ड मेडल अपने नाम किए। तृप्ति खिमुर ने खिलाड़ी के साथ रैफरी के रूप में भी सहभागिता की।
विशेष उपलब्धि के रूप में ध्वनि सोलंकी ने लगातार दूसरे वर्ष सुपर गोल्ड मेडल जीतकर नकद पुरस्कार भी हासिल किया। प्रतियोगिता में चीफ रैफरी एवं संचालन की जिम्मेदारी महेश कुमार वर्मा ने निभाई।
इसी क्रम में सेल्फ डिफेंस एंड मार्शल आर्ट्स एकेडमी, राजगढ़ के चार खिलाड़ियों राजवीर परदेशी, सनिका जैन, वीरा जादम और सांची जादम का स्कूल शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय थांग-ता प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। चारों खिलाड़ी इंदौर संभाग की टीम कोच तृप्ति खिमुर के साथ रीवा के लिए रवाना हुए हैं।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयन से खिलाड़ियों और एकेडमी से जुड़े सदस्यों में उत्साह का माहौल है।

