मनावर के सांदीपनि विद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत 30 विद्यालयों के 53 दिव्यांग एवं अनाथ विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
मनावर में दिव्यांग एवं अनाथ बच्चों का सम्मान, 30 विद्यालयों के 53 विद्यार्थियों को वितरित की शैक्षणिक सामग्री
दैनिक स्वराज वाणी
मनावर। सांदीपनि विद्यालय मनावर में 10 अक्टूबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत दिव्यांग एवं अनाथ बच्चों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 30 विद्यालयों के 53 छात्र-छात्राओं को पुरस्कार स्वरूप शैक्षणिक एवं उपयोगी सामग्री वितरित की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य एवं जिला शिक्षा समिति सदस्य गणेश जी जर्मन उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि एवं पूर्व सदस्य अर्जुन जी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी एम.एल. ठाकुर, जनपद शिक्षा केंद्र मनावर के बीआरसीसी किशोर कुमार बागेश्वर, ब्लॉक मंडल संयोजक जगदीश मुकाती और सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य सोहन शिन्दे उपस्थित थे।
कार्यक्रम में भागीरथ राठोड, प्रकाश वर्मा, कालूराम वर्मा, सुरेश पाटीदार और समरथ सोंलकी सहित बच्चों के पालकगण एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सहभागिता की।
बच्चों को पेन, कॉपी, स्केच पेन, पेंसिल, कम्पास बॉक्स, पानी की बोतलें और चित्रकला की नोटबुक सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनके पालकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।
कार्यक्रम का मंच संचालन जनशिक्षक सुरेश पाटीदार ने किया तथा आभार बीएसी भागीरथ राठोड ने माना। आयोजन में दिव्यांग एवं अनाथ बच्चों की सेवा और सहयोग को सर्वोपरि मानव सेवा का संदेश दिया गया।


