Guna में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 8,600 लीटर लहान और 520 लीटर कच्ची शराब नष्ट
राजपुरा गांव में पुलिस-आबकारी विभाग की संयुक्त दबिश
राघौगढ़ (Guna )। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ पुलिस एवं आबकारी विभाग ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के निर्देशन में संयुक्त टीम ने ग्राम राजपुरा में दबिश देकर अवैध शराब निर्माण के ठिकानों का पता लगाया।
खेतों और झाड़ियों में छिपाकर रखा था लहान
जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को राघौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुरा में अवैध रूप से शराब निर्माण की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम के पहुंचने की भनक लगते ही संदिग्ध लोग मौके से फरार हो गए।
इसके बाद पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने आसपास के खेतों एवं झाड़ियों में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान बड़े ड्रमों और टंकियों में छिपाकर रखा गया करीब 8,600 लीटर लहान बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 8.5 लाख रुपये बताई गई है। टीम ने लहान को मौके पर ही विधिवत नष्ट कर दिया।
520 लीटर कच्ची शराब और उपकरण जब्त
कार्रवाई के दौरान हाथभट्टियों पर तैयार की गई करीब 520 लीटर कच्ची शराब भी बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 52 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल तथा शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भट्टियां, हौज और अन्य सामग्री भी मिली।
अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे इन ठिकानों और उपकरणों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
मौके से फरार आरोपियों के खिलाफ राघौगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 248/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस-आबकारी टीम की रही अहम भूमिका
संयुक्त कार्रवाई में एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे, थाना प्रभारी राघौगढ़ अजय जाट, थाना प्रभारी विजयपुर प्रमोद साहू, चौकी प्रभारी जंजाली रसना राजावत सहित पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
गुना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
