महिदपुर रोड में 17 अक्टूबर को त्रिस्तुतिक जैन श्रीसंघ द्वारा पहली बार भव्य त्रिशतावधान का आयोजन होगा। साध्वीजी के सानिध्य में 300 विषयों की स्मरण शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया जाएगा।
महिदपुर रोड में 17 अक्टूबर को होगा ऐतिहासिक ‘त्रिशतावधान’, 300 विषयों की स्मरण शक्ति का होगा अद्भुत प्रदर्शन
दैनिक स्वराज वाणी
महिदपुर रोड (ब्रजेश बोहरा)। गुरुराज जन्म द्विशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर सौधर्म बृहत्तपोगच्छीय त्रिस्तुतिक जैन श्रीसंघ के श्रमण-श्रमणी समुदाय की परंपरा में पहली बार भव्य ‘त्रिशतावधान’ का आयोजन 17 अक्टूबर 2026, शनिवार को किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन में 300 विषयों को स्मरण रखने की अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन किया जाएगा।
गोविन्दम् वाटिका में सुबह 8:30 बजे होगा आयोजन
त्रिस्तुतिक जैन श्रीसंघ चातुर्मास समिति एवं अखिल भारतीय श्री राजेन्द्र जैन नवयुवक परिषद परिवार, महिदपुर रोड के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम प्रातः 8:30 बजे गोविन्दम् वाटिका, नागदा तिराहा में आयोजित होगा।
पूज्य साध्वीजी के पावन सानिध्य में होगा कार्यक्रम
आयोजन युगप्रभावक गुरुदेव पुण्यसम्राट श्री जयन्तसेन सूरीश्वरजी महाराजा के समुदायवर्ती प.पू. साध्वीजी श्री भुवनप्रभाश्रीजी म.सा. की सुशिष्या प.पू. साध्वीजी श्री डॉ. अमृतरसाश्रीजी म.सा. की पावन निश्रा में संपन्न होगा। इस अवसर पर प.पू. साध्वीजी श्री निरागरसा श्रीजी म.सा. एवं प.पू. साध्वीजी श्री जिनांशरसाश्रीजी म.सा. आदि ठाणा-3 की उपस्थिति रहेगी।
आयोजन समिति ने समस्त जैन समाज एवं श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस अनूठे स्मरण शक्ति प्रदर्शन और आध्यात्मिक आयोजन का लाभ लेने की अपील की है।
