मध्य प्रदेश में ठंड अपने चरम पर है और अगले दो दिनों के लिए मौसम विभाग ने कोल्ड वेव अलर्ट जारी किया है। बुधवार और गुरुवार को भोपाल, इंदौर, विदिशा, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर सहित कई जिलों में शीतलहर का असर रहने की संभावना है।
तापमान का हाल
- शहडोल (कल्याणपुर): 4.7°C
- भोपाल: 7.2°C
- इंदौर: 6.1°C
- ग्वालियर: 9°C
- उज्जैन: 9.5°C
- जबलपुर: 8.5°C
इसके अलावा राजगढ़, नौगांव, उमरिया, रीवा, मलाजखंड, बैतूल, रायसेन, शिवपुरी, मंडला, दतिया, खजुराहो, दमोह, नरसिंहपुर, सतना, छिंदवाड़ा, सीधी और टीकमगढ़ जैसे शहरों में भी न्यूनतम तापमान 6°C से 9.8°C के बीच दर्ज किया गया।
जेट स्ट्रीम और ठंडी हवाओं का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत की मैदानी इलाकों में जेट स्ट्रीम 222 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सक्रिय है। जमीन से करीब 12 किलोमीटर ऊपर बहने वाली यह तेज हवा पहाड़ों से उतर रही ठंडी और बर्फीली हवाओं के साथ मिलकर ठंड को और तीव्र बना रही है।

पहाड़ों और मैदानी इलाकों की सर्द हवाओं का असर
कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में समय से पहले हुई बर्फबारी, राजस्थान के रेगिस्तानी क्षेत्र और पंजाब-हरियाणा-दिल्ली से आने वाली ठंडी हवाएं प्रदेश को ठिठुरा रही हैं। पचमढ़ी में झीलों और तालाबों से भाप उठती दिखी, वहीं रायसेन में फसलों पर ओस जम गई।
ठंड लंबी चलेगी
विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस बार ला नीना प्रभाव के कारण प्रशांत महासागर ठंडा है, जिससे ठंडी हवाओं की ताकत बढ़ी है। ऊपर से पहाड़ों पर जल्दी हुई बर्फबारी और बार-बार सक्रिय हो रहा पश्चिमी विक्षोभ ठंड को लंबे समय तक बनाए रख रहा है। जनवरी में 20 से 22 दिन तक कोल्ड वेव का असर रह सकता है। दिन के तापमान में भी 4 से 6 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे कई इलाकों में कोल्ड डे जैसी परिस्थितियाँ बनेंगी।
