लहार में बिजली विभाग पर पेड़ कटवाने का आरोप, अखण्ड ब्राह्मण सेवा समिति ने दी घेराव की चेतावनी
लहार/भिण्ड। अखण्ड ब्राह्मण सेवा समिति भारत के युवा प्रदेश सचिव रोहित पाराशर मेहरा (रावण) ने लहार बिजली विभाग पर न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर पेड़ कटवाने का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इसी तरह कार्रवाई जारी रही तो विभाग का घेराव किया जाएगा।
भटन ताल रोड किनारे पेड़ नष्ट किए जाने का आरोप
श्री पाराशर के अनुसार लहार नगर के वार्ड क्रमांक 1, भटन ताल रोड किनारे लगभग तीन सौ मीटर की लंबाई में स्वर्गीय दस्यु सम्राट ठाकुर पंचम सिंह चौहान द्वारा लगाए गए हजारों पेड़ खड़े हैं। उनका आरोप है कि बिजली विभाग इन पेड़ों को सुनियोजित तरीके से नष्ट कर रहा है। हाल ही में ट्रैक्टर की मदद से दर्जनों हरे-भरे फलदार एवं छायादार वृक्षों को तुड़वा दिया गया, जिससे वर्षों पुराने पेड़ पूरी तरह नष्ट हो गए।
33 केवी लाइन से करंट और आग का खतरा
आरोप है कि विभाग ने इन पेड़ों के ऊपर से 33 केवी की बिजली लाइन निकाली है। इस कारण पेड़ों में आए दिन आग लगती रहती है और पूरे बगीचे में करंट दौड़ने की स्थिति बनी रहती है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
पंचम सिंह चौहान के पुत्र संतोष चौहान ने लाइन पर प्लास्टिक कवरिंग कराने के लिए बिजली विभाग के उप महाप्रबंधक और एसडीएम लहार को लिखित आवेदन दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद कवरिंग नहीं कराई गई और नियम विरुद्ध तरीके से पेड़ों की कटाई की जाती रही।
स्थायी निषेधाज्ञा के उल्लंघन का आरोप
श्री पाराशर ने कहा कि इन वृक्षों को नुकसान न पहुंचाने के संबंध में न्यायालय का स्थायी निषेधाज्ञा आदेश लागू है। उनका आरोप है कि इसके बावजूद विभाग ने आदेश की अनदेखी की।
1972 में वृक्षारोपण के लिए मिली थी भूमि
संतोष चौहान के अनुसार यह भूमि वर्ष 1972 में तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी द्वारा पंचम सिंह चौहान को आत्मसमर्पण के बाद पर्यावरण सुधार हेतु वृक्षारोपण के लिए सौंपी गई थी। इस भूमि पर उन्होंने हजारों वृक्षों का बगीचा तैयार किया था। संतोष चौहान पिछले कई वर्षों से इन वृक्षों को बचाने के लिए प्रशासन से संघर्ष कर रहे हैं।
घेराव की चेतावनी
रोहित पाराशर मेहरा ने बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार अवैध कार्रवाई होती रही तो अखण्ड ब्राह्मण सेवा समिति भारत, क्षत्रिय महासभा और करणी सेना सहित अन्य संगठन मिलकर लहार बिजली विभाग का घेराव करेंगे।
